‘लॉ प्रोटेक्टर अवार्ड’ से गूंजा प्रेस क्लब, सामाजिक न्याय के सिपाहियों को सलाम
आंबेडकर के आदर्शों पर चला कानून का कारवां, लखनऊ में अधिवक्ताओं का भव्य सम्मान

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क)
। राजधानी लखनऊ के प्रेस क्लब लखनऊ में मिल्ली फाउंडेशन और उत्तर प्रदेश आर्टिस्ट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘डॉक्टर भीमराव आंबेडकर लॉ प्रोटेक्टर अवार्ड’ समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के संयोजक मुकेश सोनकर एडवोकेट रहे, जबकि अध्यक्षता सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरुण कुमार गुप्ता ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत मिल्ली फाउंडेशन के अध्यक्ष सलाहउद्दीन (शीबू) एडवोकेट और उत्तर प्रदेश आर्टिस्ट एसोसिएशन के चेयरमैन वामिक खान द्वारा डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर पूर्व आईएएस अधिकारी अनीस अंसारी, हरिश चंद्र, पूर्व शासकीय अधिवक्ता उच्च न्यायालय रिशाद मुर्तजा, ‘कन संस्था’ के अध्यक्ष सर्वेश सोनकर, पूर्व जीएसटी कमिश्नर सुनील कुमार वर्मा, मैग्सेसे पुरस्कार विजेता संदीप पांडे सहित कई गणमान्य लोग विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सलाहउद्दीन (शीबू) ने कहा कि डॉ. आंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय के सशक्त प्रहरी थे। उन्होंने वकालत को समाज सुधार का माध्यम बनाया और वंचितों, मजदूरों तथा महिलाओं के अधिकारों के लिए निःशुल्क मुकदमे लड़े। उन्होंने महाड के चावदार तालाब मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि यह संघर्ष सामाजिक समानता की ऐतिहासिक जीत था।
कार्यक्रम संयोजक मुकेश सोनकर एडवोकेट ने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने जिला न्यायाधीश का पद इसलिए ठुकरा दिया क्योंकि वह समाज सेवा को प्राथमिकता देते थे। उनका जीवन यह संदेश देता है कि कानून केवल पेशा नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का मजबूत हथियार है।
पूर्व आईएएस अधिकारी अनीस अंसारी ने कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई में वकीलों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। जब कानून के जानकार लोग किसी आंदोलन की कमान संभालते हैं, तब वह आंदोलन अधिक प्रभावी और मजबूत बन जाता है।
सर्वेश सोनकर ने अपने विचार रखते हुए कहा कि डॉ. आंबेडकर ने समता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के सिद्धांतों को संविधान में स्थापित किया। उनके विचार आज भी समाज को दिशा दे रहे हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे।
समारोह में आमिर नकवी, सुरेश पांडे, मोहम्मद उमर, जीडी चौधरी, गुरमीत सिंह सोनी, सरदार परविंदर सिंह, रेनू मिश्रा सहित अनेक अधिवक्ताओं को ‘डॉक्टर भीमराव आंबेडकर लॉ प्रोटेक्टर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। इन सभी को कानून के माध्यम से सामाजिक न्याय दिलाने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन आमिर हुदा ने किया, जबकि फैसल खान, मुनीष चंद्र, इमरान अहमद, अनूप अग्रहरि, सुहेल खान सहित अन्य अधिवक्ताओं को आयोजन में सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।



