राष्ट्रीय

असम: मजदूरों को बचाने के लिए 300 फीट गहरे कोयला खदान में उतरेंगे नौसेना के गोताखोर

असम के दीमा हसाओ जिले में सोमवार को एक कोयला खदान में अचानक पानी भरने के कारण 15 से 20 मजदूर फंस गए। इस दुर्घटना के बाद भारतीय सेना और स्थानीय अधिकारियों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया।
300 फीट गहरे खदान में पानी भरने से मची अफरातफरी
यह घटना असम के उमरांगसो इलाके में स्थित कोयला खदान में हुई। सोमवार को खदान के अंदर पानी अचानक भरने से वहां काम कर रहे मजदूर फंस गए। पानी का स्तर 100 फीट तक पहुंच चुका था, जिससे स्थिति गंभीर हो गई थी।
नौसेना के गोताखोरों की मदद से होगा बचाव
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार को जानकारी दी कि मजदूरों को बचाने के लिए नौसेना के गोताखोरों को बुलाया गया है। ये गोताखोर विशाखापत्तनम से खदान के पास पहुंचने वाले हैं और उनके साथ विशेषज्ञ उपकरण भी भेजे जाएंगे।
सेना ने शुरू किया बचाव अभियान
भारतीय सेना और असम राइफल्स की एक संयुक्त टीम ने बचाव अभियान में कड़ी मेहनत शुरू कर दी है। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ले. कर्नल महेंद्र सिंह रावत ने बताया कि राहत टुकड़ियां असम के दिमा हसाओ जिले में पहुंच चुकी हैं और गोताखोर, इंजीनियर टास्क फोर्स, मेडिकल टीम सहित अन्य कर्मचारी बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
सीएम सरमा ने जताया आभार
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बचाव कार्य में सेना की त्वरित प्रतिक्रिया के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “हम अपने श्रमिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।”
पानी को बाहर निकालने के लिए दो मोटर पंप लगाए गए
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के जवान भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं और पानी को बाहर निकालने के लिए दो मोटर पंप लगाए गए हैं।
फंसे हुए मजदूरों की पहचान
खदान में फंसे हुए मजदूरों की पहचान गंगा बहादुर श्रेथ, हुसैन अली, जाकिर हुसैन, सरपा बर्मन, मुस्तफा शेख, खुशी मोहन राय, संजीत सरकार, लिजान मगर और सरत गोयारी के रूप में हुई है।

Related Articles

Back to top button