महाअभियान का शंखनाद
'स्वस्थ व्यवहार अपनाना है, संचारी रोगों को हराना है'—डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
उत्तर प्रदेश में जनस्वास्थ्य के सुदृढ़ीकरण और संचारी रोगों के समूल नाश के संकल्प के साथ एक माह तक चलने वाले ‘विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान’ का भव्य शुभारंभ डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान से हुआ। उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने अभियान का कमान संभालते हुए जन-जागरूकता रैली, स्वच्छता वाहनों और फॉगिंग रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान प्रदेश के सभी 75 जिलों में 31 अक्टूबर तक युद्ध स्तर पर चलाया जाएगा।
दस्तक अभियान: घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम
सरकार की रणनीति को स्पष्ट करते हुए उप मुख्यमंत्री ने बताया कि 12 अक्टूबर से ‘दस्तक अभियान’ का आगाज होगा। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग की समर्पित टीमें घर-घर दस्तक देंगी। यह टीमें न केवल नागरिकों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी, बल्कि संभावित रोगियों के लक्षणों की पहचान कर त्वरित मेडिकल डेटा भी संकलित करेंगी।
इंसफेलाइटिस से जंग और बहु-विभागीय समन्वय
श्री पाठक ने विगत वर्षों की सफलताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में पूर्वांचल में जापानी इंसेफेलाइटिस जैसी घातक बीमारी पर ऐतिहासिक नियंत्रण पाया गया है। अब डेंगू, मलेरिया और काला ज्वर के खिलाफ इस लड़ाई को और तेज कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग को नोडल एजेंसी बनाकर नगर विकास, पंचायती राज और ग्रामीण विकास विभागों को एक मंच पर लाकर धरातल पर ठोस कार्य किए जा रहे हैं।
जनभागीदारी ही असली सुरक्षा कवच
उप मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों के आसपास पानी जमा न होने दें। डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है और दिन में हमला करता है, इसलिए कूलर, पुराने टायरों और बर्तनों की नियमित सफाई अनिवार्य है। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव वी. हेकाली झिमोमी सहित स्वास्थ्य विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



