दुखद: अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज मनु भाकर की नानी और मामा की मौत, सड़क दुर्घटना में गई जान

अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज मनु भाकर के परिवार में रविवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जिससे पूरे परिवार में मातम पसर गया। महेंद्रगढ़ बाइपास रोड पर स्कूटी और ब्रेजा गाड़ी की टक्कर में मनु की नानी सावित्री देवी (70) और बड़े मामा युद्धवीर सिंह (50) की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों की मौके पर ही जान चली गई।
दुर्घटना के बाद गाड़ी चालक फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा।
सावित्री देवी राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी थीं और उन्होंने कई पदक जीते थे। वहीं, युद्धवीर सिंह हरियाणा रोडवेज में चालक थे। हादसे के समय युद्धवीर ड्यूटी पर जा रहे थे और अपनी मां सावित्री देवी को छोटे भाई के घर छोड़ने के लिए स्कूटी पर साथ ले जा रहे थे।
महेंद्रगढ़ रोड पर कलियाणा मोड़ के पास तेज रफ्तार और गलत दिशा से आ रही कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे पलट गई।
दो दिन पहले ही मनु भाकर को राष्ट्रपति से खेल रत्न अवॉर्ड मिला था। पिछले साल ओलंपिक में उनके दो पदक जीतने से परिवार में खुशियां थीं, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार गाड़ी चालक की तलाश कर रही है।



