राष्ट्रीय

सैफ अली खान को अस्पताल से मिली छुट्टी, पत्नी करीना कपूर के साथ लौटे घर

बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वह पांच दिन पहले अपने बांद्रा स्थित घर में चोरी के इरादे से घुसे एक घुसपैठिए के हमले में घायल हो गए थे। सैफ को घर ले जाने के लिए उनकी पत्नी और अभिनेत्री करीना कपूर खान लीलावती अस्पताल पहुंचीं। शाम करीब साढ़े चार बजे सैफ परिवार के साथ घर के लिए रवाना हुए। डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह से ठीक होने के लिए कुछ दिन और आराम करने की सलाह दी है।
हमले की घटना और सैफ की हालत
15 जनवरी की रात एक बांग्लादेशी घुसपैठिए ने सैफ पर चार बार चाकू से हमला किया था। सैफ के शरीर पर तीन गंभीर चोटें आई थीं, जिनमें हाथ, गर्दन और पीठ पर गहरे घाव शामिल थे। खासतौर पर पीठ में चाकू का ढाई इंच का टुकड़ा धंस गया था, जिसे सर्जरी कर निकाला गया। उनकी हालत में सुधार होने के बाद 17 जनवरी को उन्हें आईसीयू से एक विशेष कक्ष में स्थानांतरित किया गया।
सुरक्षा कड़ी की गई
घटना के बाद सैफ अली खान के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। फ्लैट के सभी एसी डक्ट को जालीदार स्क्रीन से सील किया गया है और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
घुसपैठिया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी शरीफुल इस्लाम शहजाद मोहम्मद रोहिल्ला अमीन फाकिर (30) को ठाणे से गिरफ्तार कर 5 दिन की रिमांड पर भेजा है। मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस ने सैफ के घर पर सीन को रीक्रिएट भी किया |

Related Articles

Back to top button