राष्ट्रीय

लोकसभा में हंगामा: नारेबाजी पर बिरला की दो-टूक

बजट सत्र के तीसरे दिन लोकसभा की कार्यवाही आरंभ होते ही विपक्षी सदस्यों ने महाकुंभ भगदड़ की घटना पर सरकार से जवाब की मांग करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने विपक्षी सांसदों से कहा, “अगर जनता ने आपको नारेबाजी के लिए भेजा है तो यही करिए या फिर सदन की कार्यवाही चलने दें।
सोमवार को बजट सत्र के दौरान जैसे ही कार्यवाही शुरू हुई, विपक्षी दलों के सांसदों ने प्रयागराज महाकुंभ में मची भगदड़ की घटना पर सरकार से जवाब मांगा। विपक्षी सदस्यों ने सदन में जोरदार नारेबाजी की, जिस पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण में इस मुद्दे का उल्लेख किया गया है। उन्होंने सुझाव दिया कि इस पर चर्चा अभिभाषण के दौरान की जाए।
बिरला ने सदन में मौजूद सांसदों को प्रश्नकाल की अहमियत समझाते हुए कहा कि यह एक महत्वपूर्ण समय होता है, जब सरकार की जवाबदेही तय की जाती है। उन्होंने विपक्षी सांसदों से अपील करते हुए कहा, “यदि आप सदन चलाना चाहते हैं तो अपनी सीट पर बैठिए।
इस बीच, विपक्षी सांसदों ने ‘प्रधानमंत्री जवाब दो’ और ‘शेम शेम’ के नारे लगाए। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने सरकार पर प्रयागराज महाकुंभ भगदड़ में मृतकों की सही संख्या छुपाने का आरोप लगाया। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस घटना में कम से कम 30 लोगों की मौत हुई थी।
लोकसभा में जारी हंगामे के बीच यह देखना दिलचस्प होगा कि सरकार इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाती है।

Related Articles

Back to top button