राष्ट्रीय

राहुल गांधी बनाम जयशंकर: अमेरिका दौरे पर तीखी बहस

लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर निशाना साधा और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के अमेरिका दौरे को लेकर टिप्पणी की। इस पर विदेश मंत्री जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जवाब देते हुए कहा कि राहुल गांधी ने उनके दिसंबर 2024 के अमेरिका दौरे को लेकर जानबूझकर झूठ बोला।

जयशंकर ने स्पष्ट किया कि वे बाइडन प्रशासन के विदेश मंत्री और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार से मिलने गए थे और वहां किसी भी स्तर पर प्रधानमंत्री के संबंध में निमंत्रण पर चर्चा नहीं हुई। उन्होंने कहा कि “राहुल गांधी के झूठ का उद्देश्य राजनीतिक हो सकता है, लेकिन वे विदेश में देश को नुकसान पहुंचाते हैं।

राहुल गांधी ने अपने भाषण में दावा किया कि “अगर हमारे बैंकिंग सेक्टर में कुछ बड़ी कंपनियों का ही वर्चस्व न होता और छोटे व्यवसायों को भी समर्थन मिलता, तो हमारे विदेश मंत्री को बार-बार अमेरिका जाकर प्रधानमंत्री के लिए निमंत्रण मांगने की जरूरत नहीं पड़ती।

राहुल गांधी के बयान पर संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि नेता विपक्ष बिना किसी तथ्य और सबूत के इस तरह के गंभीर आरोप नहीं लगा सकते, क्योंकि यह दो देशों के आपसी संबंधों से जुड़ा विषय है।

गौरतलब है कि हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने शपथ ग्रहण समारोह में चीन के राष्ट्रपति को आमंत्रित किया था, लेकिन इस समारोह में भारत की ओर से विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भाग लिया था।

Related Articles

Back to top button