हम तो भारत को गेमिंग राजधानी बनाना चाहते हैं – मोदी
बजट सत्र 2025 के चौथे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब दिया। इससे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपनी बात रखी थी। पीएम मोदी ने सदन में अपने संबोधन में देश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देशवासियों ने उन्हें 14वीं बार जवाब देने का मौका दिया है। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण की सराहना करते हुए कहा कि यह संबोधन भारत के अगले 25 वर्षों के विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि हमने केवल ‘गरीबी हटाओ’ के नारे नहीं दिए, बल्कि ठोस विकास किया। सरकार ने अब तक 4 करोड़ गरीबों को पक्के घर दिए और 12 करोड़ परिवारों को ‘नल से जल’ योजना का लाभ पहुंचाया है।

राहुल गांधी का नाम लिए बिना पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग गरीबों की झोपड़ियों में फोटो सेशन कराकर सुर्खियां बटोरते हैं, लेकिन उन्हें गरीबों की असली समस्याएं बोरिंग लगती हैं। इसके अलावा, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ नेताओं का ध्यान अपने आलीशान घरों और स्टाइलिश बाथरूम पर होता है, जबकि सरकार का फोकस गरीबों को घर और पानी उपलब्ध कराने पर है।
पीएम मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने इस अभियान के तहत कबाड़ बेचकर 2,300 करोड़ रुपये जुटाए। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले घोटालों की खबरें अखबारों की सुर्खियां होती थीं, लेकिन अब भ्रष्टाचार पर रोक लगने से लाखों करोड़ रुपये बचाए गए हैं।
पीएम मोदी ने ऐलान किया कि सरकार ने 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय पर कोई भी टैक्स नहीं लगाने का फैसला किया है। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी सरकार ने अब तक 40 लाख करोड़ रुपये सीधे जनता के बैंक खातों में भेजे हैं।
पीएम मोदी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर कहा कि कुछ लोग इसे सिर्फ फैशन के लिए बोलते हैं, लेकिन भारत ‘AI’ का मतलब ‘Aspiring India’ (आकांक्षी भारत) मानता है। उन्होंने कहा कि सरकार भारत को गेमिंग इंडस्ट्री में वैश्विक लीडर बनाने के लिए काम कर रही है, ताकि देश का युवा इस क्षेत्र में भी आगे बढ़ सके।
Back to top button