मध्य प्रदेश: के खंडवा जिले के जावर थाना क्षेत्र के ग्राम पीपल कोटा के एक स्कूल में एक युवक की फंदे से लटकी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान योगेश पिता दीपक, उम्र 28 वर्ष, ग्राम पीपल कोटा के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों के अनुसार, योगेश परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और उसकी तबीयत भी खराब थी। बुधवार शाम को योगेश ने खाना खाया और दवा ली, इसके बाद वह गांव में घूमने के लिए निकल गया। लेकिन जब वह देर रात तक घर वापस नहीं लौटा तो उसके परिजन उसे ढूंढने निकले। जब वे गांव के पास स्थित एक स्कूल में पहुंचे, तो वहां योगेश का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया।
परिजनों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची जावर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। इस दुखद घटना के बाद गांव में शोक का माहौल छा गया, और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि योगेश ने आत्महत्या की या उसकी मौत के पीछे कोई और कारण था। पुलिस जल्द ही इस मामले में और जानकारी जुटाएगी।