प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 119वें एपिसोड में इस साल महिला दिवस के अवसर पर एक नई पहल की घोषणा की। उन्होंने बताया कि 8 मार्च को वे अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स – X और इंस्टाग्राम – को देश की कुछ प्रेरणादायक महिलाओं को सौंपने जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, “हमारी संस्कृति में नारी-शक्ति का सम्मान सर्वोपरि है। इस बार महिला दिवस पर मैं अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को उन महिलाओं को समर्पित करने जा रहा हूं, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल की हैं, इनोवेशन किया है, और अपनी अलग पहचान बनाई है। ये महिलाएं अपने अनुभव, संघर्ष और सफलताओं को देशवासियों के साथ साझा करेंगी।”
उन्होंने सभी योग्य महिलाओं से अपील की कि यदि वे इस पहल का हिस्सा बनना चाहती हैं, तो ‘नमो ऐप’ पर बनाए गए विशेष फोरम के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। यह पहल समाज में महिलाओं की उपलब्धियों को एक नया मंच देने के लिए की जा रही है।
स्पेस साइंस और AI में नारी शक्ति का योगदान
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने इसरो की हालिया सफलता पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत ने 100वीं रॉकेट लॉन्चिंग पूरी कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। पिछले 10 वर्षों में 460 से अधिक सैटेलाइट्स लॉन्च किए गए हैं, जिनमें कई विदेशी सैटेलाइट्स भी शामिल हैं। उन्होंने गर्व से बताया कि इसरो की टीम में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में भारत की प्रगति पर भी चर्चा की और बताया कि हाल ही में पेरिस में एक बड़े AI सम्मेलन में भारत की उपलब्धियों की सराहना की गई।