गौतमबुद्ध नगर में आत्महत्याओं और संदिग्ध मौतों से सनसनी

नोएडा: गौतमबुद्ध नगर के नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में मंगलवार को अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों ने मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या कर ली, जबकि दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके अलावा, एक युवक की करंट लगने से जान चली गई।
तीन ने लगाई फांसी
थाना बिसरख क्षेत्र के रोजा जलालपुर गांव में रहने वाले 28 वर्षीय गुरबीर पुत्र बच्चन सिंह ने मानसिक तनाव के चलते अपने घर में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना सूरजपुर क्षेत्र में साकीपुर गांव की रहने वाली 35 वर्षीय ज्योति पत्नी विजय ने भी अपने घर में फांसी लगा ली। पुलिस ने बताया कि मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है, और अगर वे कोई शिकायत दर्ज कराते हैं तो मामले की जांच की जाएगी।
थाना बीटा-2 क्षेत्र में रहने वाले 30 वर्षीय अंकित गौतम पुत्र जसवंत सिंह ने भी मानसिक तनाव के कारण अपने घर में आत्महत्या कर ली।
संदिग्ध परिस्थितियों में दो की मौत
थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में रहने वाले विक्की पुत्र विक्रम सैनी और थाना बीटा-2 क्षेत्र के 33 वर्षीय रोहित की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
बिजली के करंट से किशोर की मौत
थाना सूरजपुर क्षेत्र के तिलपता गांव में रहने वाला 17 वर्षीय दीपांशु उर्फ बॉबी सड़क पर जा रहा था, जब बिजली का तार टूटकर गिर गया। करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी है।



