पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क में 2 रुपये की बढ़ोतरी, 8 अप्रैल से लागू होंगी नई कीमतें

सरकार ने सोमवार को बड़ा फैसला लेते हुए पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में 2-2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की है। यह निर्णय वैश्विक तेल कीमतों में जारी उतार-चढ़ाव और अमेरिका के ट्रंप प्रशासन द्वारा लगाए गए जवाबी टैरिफ के चलते लिया गया है। सरकारी आदेश के अनुसार, यह नई दरें 8 अप्रैल से देशभर में लागू हो जाएंगी। इस फैसले से आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा, क्योंकि पहले से ही बढ़ती महंगाई के बीच ईंधन की कीमतों में यह बढ़ोतरी अतिरिक्त बोझ डालेगी।
वित्त मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, सरकार को बढ़ते राजकोषीय घाटे को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त राजस्व की जरूरत है, और इसी के तहत यह कदम उठाया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह अस्थिर रहीं, तो आने वाले समय में ईंधन की कीमतें और बढ़ सकती हैं।
इस फैसले के बाद विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि जनता पर बोझ डालकर सरकार आर्थिक कुप्रबंधन को छिपाने की कोशिश कर रही है।


