राष्ट्रीय

भोपाल: सड़कों पर लगे “गद्दार” पोस्टर, दिग्विजय सिंह पर वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर बवाल

भोपाल: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह एक बार फिर विवादों में हैं। राजधानी भोपाल की सड़कों पर शुक्रवार को दिग्विजय सिंह के खिलाफ विवादित पोस्टर लगाए गए, जिनमें उन्हें “वतन और धर्म का गद्दार” बताया गया है। इन पोस्टरों में उनकी तस्वीर के साथ तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। इसी तरह के पोस्टर रतलाम में भी देखे गए हैं। इन पोस्टरों को भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) द्वारा लगाए जाने की बात सामने आई है। BJYM ने वक्फ संशोधन विधेयक पर दिग्विजय सिंह के विरोध के खिलाफ नाराज़गी जताई है।

दरअसल, दिग्विजय सिंह ने वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर बयान देते हुए कहा था कि, “यह विधेयक संविधान के उस मूल प्रावधान के खिलाफ है, जो अल्पसंख्यकों को संरक्षण का अधिकार देता है। सरकार केवल हिंदू-मुसलमान की राजनीति कर रही है और अल्पसंख्यकों के अधिकारों को कुचलने का प्रयास कर रही है।” दूसरी ओर, इस मुद्दे पर मध्य प्रदेश सरकार के सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि, “यह विधेयक संसद से पारित हो चुका है और यह देश का कानून है। इसे न मानना संविधान और संप्रभुता का अपमान है। ममता बनर्जी जैसी नेता यदि इस कानून को लागू करने से इनकार करेंगी तो यह स्वीकार्य नहीं होगा।”

विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है, और आने वाले दिनों में यह मामला राजनीतिक रूप से और गरम हो सकता है।

Related Articles

Back to top button