राष्ट्रीय

गरियाबंद: देवभोग में ज्वेलरी शॉप से 3.85 लाख की चांदी चोरी, पुलिस पर उठे सवाल

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। देवभोग थाना क्षेत्र के उरमाल स्थित आर.के. ज्वेलर्स में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए करीब 3.85 लाख रुपये मूल्य की 4200 ग्राम चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। यह चोरी बेहद शातिर तरीके से की गई। चोरों ने बाथरूम की दीवार में ड्रिल कर दुकान के अंदर प्रवेश किया और मुखौटा पहनकर वारदात को अंजाम दिया, जिससे उनकी पहचान मुश्किल हो गई।

दुकान संचालक गोपबंधु कश्यप ने तत्काल देवभोग पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गौतम गावड़े पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज की जांच में दो संदिग्ध नकाबपोश व्यक्ति नजर आए हैं, जिनकी पहचान करने का प्रयास जारी है।

गौरतलब है कि 30 मार्च को देवभोग थाना से महज 150 मीटर दूर एक स्वास्थ्यकर्मी शेषनारायण पात्र के मकान से 17 लाख रुपये से अधिक की ज्वेलरी और नगदी चोरी हो चुकी है। इसके अलावा झराबहाल क्षेत्र में एक बैंक कर्मी के घर से ढाई लाख रुपये से अधिक की चोरी की खबर भी सामने आई थी, हालांकि उस मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।

अब उरमाल की इस ज्वेलरी शॉप में हुई ताजा चोरी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आम लोग दहशत में हैं और व्यापारियों में रोष व्याप्त है। पुलिस जांच तेज करने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।

Related Articles

Back to top button