एमएस धोनी ने रचा इतिहास, आईपीएल में 200 फील्डिंग डिसमिसल करने वाले पहले खिलाड़ी बने

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपने शानदार करियर में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ते हुए आईपीएल के इतिहास में 200 फील्डिंग डिसमिसल पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बनकर इतिहास रच दिया है। यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड धोनी ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में सोमवार को खेले गए मुकाबले में हासिल किया।
मैच के 14वें ओवर में धोनी ने रवींद्र जडेजा की गेंद पर आयुष बदोनी को स्टंप कर शानदार फुर्ती का प्रदर्शन किया। इसके बाद अंतिम ओवर में ऋषभ पंत का कैच पकड़कर उन्होंने अपना 200वां शिकार पूरा किया। इन 201 फील्डिंग डिसमिसल में 155 कैच और 46 स्टंपिंग शामिल हैं।

धोनी के बाद इस सूची में दिनेश कार्तिक 182 शिकार के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि एबी डिविलियर्स 126 डिसमिसल के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
धोनी का यह प्रदर्शन उनके 271वें आईपीएल मैच में आया, जो उनके अनुभव और फिटनेस का जीवंत प्रमाण है। इस मैच में सीएसके ने टॉस जीतकर पहले लखनऊ को बल्लेबाज़ी के लिए आमंत्रित किया। एलएसजी की ओर से कप्तान ऋषभ पंत ने 49 गेंदों में 63 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 4 चौके और 4 छक्के जड़े।

एलएसजी की पारी 166/7 पर खत्म हुई। चेन्नई की ओर से रवींद्र जडेजा ने 2/24 और मथेशा पथिराना ने 2/45 के आंकड़े दर्ज किए। धोनी की यह उपलब्धि न केवल आईपीएल के इतिहास में एक मील का पत्थर है, बल्कि उनके प्रशंसकों के लिए भी गर्व का क्षण है।



