राष्ट्रीय

संभल बवाल मामले में सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने न्यायिक आयोग के सामने दर्ज कराया बयान

लखनऊ/संभल: 24 नवंबर को संभल में हुए बवाल के मामले में आरोपी बनाए गए समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क बुधवार को न्यायिक जांच आयोग के समक्ष अपना बयान दर्ज कराने के लिए लखनऊ पहुंचे। आयोग ने उन्हें पहले 5 अप्रैल को बुलाया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुए थे। अब वह आयोग के सामने पेश होकर अपना पक्ष रख चुके हैं। सांसद बर्क ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “न्यायिक आयोग ने मुझे बुलाया है, और उनका जवाब देना मेरा कर्तव्य है। मुझे पूरा विश्वास है कि न्याय मिलेगा।” बवाल में सांसद पर भड़काऊ भाषण देने का आरोप है, जबकि स्थानीय विधायक के बेटे पर भीड़ को उकसाने का आरोप लगाया गया है। दोनों एक ही एफआईआर में नामजद हैं। इसी मामले में जामा मस्जिद कमेटी के सदर जफर अली एडवोकेट को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और वह 23 मार्च से जेल में बंद हैं।

न्यायिक जांच आयोग इस मामले में अधिकारियों, आम लोगों, राजनीतिक हस्तियों और मीडिया कर्मियों के बयान दर्ज कर रहा है। 16 मीडिया कर्मियों को बयान के लिए बुलाया गया था, जिनमें से नौ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपने बयान दर्ज कराए हैं। उधर, संभल हिंसा मामले में दो उपद्रवियों मोहम्मद फैजान और मोहम्मद अजीम की जमानत याचिकाओं पर 17 अप्रैल को सुनवाई होगी। उनके अधिवक्ता की ओर से तैयारी अधूरी होने के कारण न्यायालय ने अगली तारीख निर्धारित की है। मामले की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश चंदौसी की कोर्ट में होगी।

Related Articles

Back to top button