JEE Mains 2025: लखनऊ के चार होनहारों ने लहराया परचम

श्रेयस, कृष्णा, स्वप्निल और वंश को मिले 99.99 परसेंटाइल
निश्चय टाइम्स लखनऊ। इंजीनियरिंग के क्षेत्र में देश के सबसे प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली परीक्षा JEE Mains 2025 के दूसरे चरण का परिणाम शुक्रवार देर रात नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा घोषित किया गया। इस परीक्षा में लखनऊ के चार मेधावी छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.99 परसेंटाइल अंक प्राप्त किए हैं। इन छात्रों के नाम हैं – श्रेयस लोहिया, कृष्णा अग्रवाल, स्वप्निल और वंश गुप्ता।
इन छात्रों की इस बड़ी उपलब्धि से न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे लखनऊ को गर्व की अनुभूति हो रही है। इन होनहारों ने न केवल मेहनत और लगन का परिचय दिया, बल्कि यह भी साबित किया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और तैयारी सटीक हो, तो कोई भी परीक्षा कठिन नहीं होती। इस वर्ष जेईई मेन के दोनों सत्रों में कुल 25 छात्रों ने 100% अंक प्राप्त किए हैं. इनमें राजस्थान के ओम प्रकाश बेहरा, सक्षम जिंदल, अर्णव सिंह, रजित गुप्ता, मो. अनस, आयुष सिंघल और लक्ष्य शर्मा शामिल हैं. इसके अलावा, दिल्ली के दक्ष और हर्ष झा, उत्तर प्रदेश के श्रेयस लोहिया, कुशागरा बेंग्या, सौरभ, तथा पश्चिम बंगाल के देवदत्त माझी और ए. नंदी ने भी उत्कृष्ट स्कोर करके टॉपर्स की सूची में स्थान बनाया है।


