राष्ट्रीय

G7 समिट में शामिल होंगे पीएम मोदी

 कनाडाई पीएम कार्नी ने फोन कर दिया न्योता

भारत और कनाडा के रिश्तों में फिर से गर्माहट लौटती दिख रही है। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को G7 समिट में शामिल होने का औपचारिक न्योता भेजा है। यह समिट कनाडा के कनानास्किस (Kananaskis) में 15 से 17 जून 2025 तक आयोजित होगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस निमंत्रण की जानकारी खुद सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, “मैं प्रधानमंत्री कार्नी को आमंत्रण के लिए धन्यवाद देता हूं और उन्हें कनाडा के चुनाव में जीत की बधाई देता हूं। मुझे इस शिखर सम्मेलन में उनसे मिलने की प्रतीक्षा है। भारत और कनाडा, दोनों जीवंत लोकतंत्र हैं, और हम साझा हितों पर नई ऊर्जा के साथ काम करने के लिए तत्पर हैं।”

काफी समय से भारत-कनाडा संबंधों में तनाव बना हुआ था, खासकर खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या और उस पर पूर्व पीएम जस्टिन ट्रूडो के बयानों के बाद। इसके चलते दोनों देशों के बीच राजनयिक स्तर पर तल्खी देखी गई थी। लेकिन मार्क कार्नी के सत्ता में आने के बाद यह उम्मीद की जा रही थी कि संबंधों में सुधार होगा।

हालांकि, G7 समिट में प्रधानमंत्री मोदी को न्योता देर से भेजे जाने पर राजनीतिक गलियारों में सवाल उठे थे कि क्या कनाडा अभी भी पुराने तनावों को लेकर आशंकित है। लेकिन अब औपचारिक आमंत्रण और सीधे फोन कॉल के माध्यम से मोदी को आमंत्रित किए जाने से यह संकेत गया है कि कनाडा भारत के साथ संबंध सुधारने को गंभीर है।

G7 समूह में अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, कनाडा और जापान शामिल हैं। भारत को बतौर विशेष आमंत्रित राष्ट्र समिट में बुलाया गया है। मोदी की इस यात्रा को अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button