राष्ट्रपति ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के लिए दो नए न्यायाधीशों की नियुक्ति की

निश्चय टाइम्स, डेस्क। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अधिवक्ता अमिताभ कुमार राय और राजीव लोचन शुक्ला को इलाहाबाद उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया है। इस नियुक्ति की घोषणा केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय ने शनिवार को अधिसूचना जारी कर की। केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट के माध्यम से इस जानकारी को साझा किया। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा कि राष्ट्रपति ने भारत के संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकार का प्रयोग करते हुए, भारत के मुख्य न्यायाधीश की सलाह के बाद, अधिवक्ताओं अमिताभ कुमार राय और राजीव लोचन शुक्ला को इलाहाबाद उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया है। यह नियुक्ति शीर्ष अदालत के कॉलेजियम की सिफारिश के बाद की गई है, जिसने मार्च में दोनों अधिवक्ताओं को न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की थी।



