बिज़नेस

भारत में एआई निवेश को गति देगी माइक्रोसॉफ्ट: सत्य नडेला

निश्चय टाइम्स, डेस्क। माइक्रोसॉफ्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सत्य नडेला ने भारत में कंपनी की बढ़ती डेटा सेंटर क्षमता को लेकर उत्साह जताया है। उन्होंने बुधवार को बताया कि उनकी भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ माइक्रोसॉफ्ट की निवेश योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। नडेला ने भारत के एआई-प्रधान भविष्य को सशक्त करने के लिए 2030 तक 17.5 अरब अमेरिकी डॉलर के बड़े निवेश की घोषणा की है। यह पिछले दो महीनों में देश में किया गया तीसरा प्रमुख एआई-केंद्रित निवेश है। नडेला ने बताया कि पुणे, चेन्नई और मुंबई में माइक्रोसॉफ्ट के डेटा सेंटर पहले से सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि हैदराबाद में विकसित किया जा रहा ‘इंडिया साउथ सेंट्रल क्लाउड रीजन’ कंपनी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जिसे 2026 के मध्य तक शुरू किए जाने की उम्मीद है। भारत में डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन फ्रेमवर्क लागू होने से पहले माइक्रोसॉफ्ट देश के ग्राहकों के लिए संप्रभु सार्वजनिक क्लाउड और संप्रभु निजी क्लाउड सेवाएं लॉन्च कर रहा है। नडेला ने कहा कि डेटा संप्रभुता के साथ-साथ विश्व स्तरीय साइबर सुरक्षा और डिजिटल मजबूती सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है।

Related Articles

Back to top button