हेल्थ

1.40 करोड़ लोगों को फाइलेरिया से बचाव की दवा, यूपी में वृहद अभियान शुरू

मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) अभियान

निश्चय टाइम्स डेस्क। प्रदेश में फाइलेरिया उन्मूलन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सरकार ने 1.40 करोड़ लोगों को बचाव की दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के साथ संयुक्त रूप से शुरू हुए मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) अभियान का वर्चुअल शुभारंभ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने किया। इस दौरान देश के 12 राज्यों के 124 जनपदों में एक साथ अभियान की शुरुआत हुई।

डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने विधानसभा स्थित सभागार में जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में यह अभियान तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के फाइलेरिया प्रभावित 21 जनपदों के 64 प्लानिंग यूनिटों में व्यापक स्तर पर दवा वितरण किया जाएगा।

अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश में 12,332 टीमें गठित की गई हैं, जबकि निगरानी के लिए 2,246 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। जिन जनपदों में यह अभियान चलेगा उनमें शाहजहांपुर, बलिया, बाराबंकी, चित्रकूट, उन्नाव, प्रतापगढ़, अयोध्या, भदोही, हरदोई, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, अंबेडकरनगर, औरैया, बहराइच, बांदा, फतेहपुर, खीरी, लखनऊ, पीलीभीत और रायबरेली शामिल हैं।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि फाइलेरिया केवल एक बीमारी नहीं, बल्कि यह मानव जीवन, कार्यक्षमता और उत्पादकता पर गंभीर असर डालती है। इसलिए इसका समय रहते उपचार और बचाव बेहद आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा दी जा रही दवा अवश्य ग्रहण करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।

सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि सभी आयुष्मान आरोग्य केंद्रों पर फाइलेरिया की दवा उपलब्ध रहे। अभियान के माध्यम से घर-घर जाकर लोगों को दवा खिलाई जाएगी, जिससे रोग की श्रृंखला को तोड़ा जा सके।

इस अवसर पर राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) अमित घोष, डीजी हेल्थ डॉ. पवन कुमार, एनएचएम की एमडी पिंकी जोएल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि जनसहभागिता के माध्यम से फाइलेरिया मुक्त उत्तर प्रदेश का सपना साकार किया जाए और स्वस्थ समाज की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए जाएं।

Related Articles

Back to top button