लखनऊ

तिलकनगर में गूंजे जयकारे, श्याम छवि के स्वागत में उमड़ा आस्था का सैलाब

चारबाग से ऐशबाग तक भक्तिमय यात्रा, 44वें श्री श्याम निशानोत्सव का शुभारंभ

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क | लखनऊ

राजधानी लखनऊ में भक्ति और उल्लास का अनोखा संगम देखने को मिला, जब श्री श्याम ज्योत मंडल की ओर से आयोजित 44वें श्री श्याम निशानोत्सव के तहत बाबा श्याम की पावन छवि का भव्य स्वागत किया गया। 20 फरवरी से ऐशबाग के तिलकनगर स्थित महाराजा अग्रसेन पार्क में शुरू होने वाले तीन दिवसीय महोत्सव से पूर्व गुरुवार को बाबा श्याम की छवि दिल्ली से लखनऊ पहुंची।

चारबाग रेलवे स्टेशन पर सैकड़ों श्रद्धालु ‘हारे के सहारे की जय’ और ‘कलयुग के अवतारी की जय’ के जयकारों के साथ मौजूद रहे। मंडल के मीडिया प्रभारी अनुपम मित्तल ने बताया कि स्टेशन से छवि को शोभायात्रा के रूप में ऐशबाग स्थित मंडल कार्यालय लाया गया।

श्याम प्रेमी श्रवण अग्रवाल ने अपने सिर पर बाबा का शीश रखकर भक्ति की अद्भुत मिसाल पेश की। ढोल-नगाड़ों की थाप, गुलाल की उड़ती रंगत और पुष्प वर्षा के बीच महिलाएं, पुरुष और बच्चे झूमते-गाते तिलकनगर पहुंचे।

एक दिन विश्राम के बाद 20 फरवरी को बाबा की छवि को मल्ल राजवंश के राजदरबार में भक्तों के दर्शनार्थ रखा जाएगा। प्रतिवर्ष सचिन गोयल इस सिद्ध छवि को दिल्ली से लखनऊ लेकर आते हैं। मान्यता है कि जो भी श्रद्धालु सच्चे मन से शीश झुकाता है, उसकी मनोकामना पूर्ण होती है।

धार्मिक परंपरा के अनुसार यह पावन छवि प्रत्येक एकादशी को श्याम कुण्ड में स्नान कराई जाती है और एक रात्रि के लिए खाटू श्याम मंदिर में विराजमान रहती है, जिससे इसमें दिव्य शक्ति का संचार माना जाता है।

ऐसी सिद्ध छवि के दर्शन से भक्तों को खाटू धाम जैसा ही आध्यात्मिक आनंद प्राप्त होता है।

Related Articles

Back to top button