उत्तर प्रदेश

लखनऊ से चित्रकूट को सीधी बस सेवा की सौगात

🟢 मंत्रियों ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ, ग्रामीणों को बड़ी राहत

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क |

प्रदेश की राजधानी लखनऊ से चित्रकूट के हनुमानगंज तक अब सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू हो गई है। शुक्रवार को 1, मॉल एवेन्यू रोड से प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले मंत्री आशीष पटेल और परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने नई बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नई सेवा से चित्रकूट क्षेत्र के ग्रामीणों को राजधानी तक सीधा और सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।

मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्रीय लोगों द्वारा इस रूट पर बस सेवा की मांग की जा रही थी। अब यह सेवा शुरू होने से चित्रकूट के ग्रामीण सीधे लखनऊ पहुंच सकेंगे, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक कार्यों में बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने परिवहन मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

यह बस लखनऊ से रायबरेली, ऊंचाहार, सिराथू और महाकवि तुलसीदास की जन्मस्थली राजापुर होते हुए हनुमानगंज तक जाएगी। यह सेवा मध्य प्रदेश सीमा से लगभग 3 किलोमीटर पहले तक संचालित होगी। कुल 234 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह बस ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए जीवनरेखा साबित होगी।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि प्रदेश में लगभग 1540 नए रूट चिन्हित किए गए हैं और जल्द ही सभी पर बस संचालन शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी गांवों को आवश्यक परिवहन सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।

समय-सारणी के अनुसार बस आलमबाग से सुबह 8:30 बजे रवाना होकर दोपहर 2:15 बजे हनुमानगंज पहुंचेगी। वापसी में यह बस दोपहर 3:30 बजे हनुमानगंज से चलकर रात 9:15 बजे आलमबाग पहुंचेगी। रास्ते में प्रमुख स्टॉप निर्धारित किए गए हैं, जिससे यात्रियों को अधिकतम सुविधा मिल सके।

कार्यक्रम में परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button