उत्तर प्रदेश

होली पर यातायात नियमों की अनदेखी भारी, 11 वाहन सीज

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क | डी एफ हिंदी

3 बसों पर सख्ती, 8 ओवरलोड मालवाहन पकड़े गए

नशे में ड्राइविंग और बिना हेलमेट 18 दोपहिया चालकों के चालान

एआरटीओ हरिओम की सख्त कार्रवाई से मचा हड़कंप

होली के पर्व पर सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तर प्रदेश शासन एवं जिलाधिकारी बदायूं के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/प्रशासन) श्री हरिओम ने जनपद में व्यापक अभियान चलाया। इस विशेष चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की गई।

अभियान के तहत 8 ओवरलोड एवं अवैध खनन में संलिप्त मालवाहनों को थाना फैजगंज और बिसौली में सीज किया गया। वहीं मानकों के अनुरूप न पाई गई एक स्लीपर बस को परिवहन निगम की वर्कशॉप में खड़ा कर सीज कर दिया गया। इसके अतिरिक्त नियमों का उल्लंघन करने पर दो अन्य बसों के चालान भी किए गए। कुल मिलाकर 3 बसों पर सख्त कार्रवाई की गई, जिससे परिवहन संचालकों में हड़कंप मच गया।

चेकिंग के दौरान यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते पाए गए 18 दोपहिया वाहन चालकों के चालान काटे गए। इनमें बिना हेलमेट, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (एचएसआरपी) के अभाव तथा गलत दिशा में वाहन चलाने जैसे गंभीर उल्लंघन शामिल थे। आसफपुर चौकी के पास की गई कार्रवाई में एक चालक का चालान नशे की हालत में वाहन चलाने पर भी किया गया।

बदायूं जनपद में एआरटीओ श्री हरिओम द्वारा लगातार ओवरलोड वाहनों, अवैध खनन तथा डग्गामार यात्री वाहनों के खिलाफ प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। होली जैसे त्योहार पर बढ़ती भीड़ और आवागमन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं, तेज गति से बचें और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें। त्योहार की खुशी सुरक्षित यात्रा के साथ ही सार्थक है।

Related Articles

Back to top button