उत्तर प्रदेश

होली पर खादी-ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का भव्य समापन

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क | डी एफ हिंदी

54 लाख से अधिक की बिक्री, स्वदेशी उत्पादों की बढ़ी मांग

योगी सरकार के प्रयासों से कारीगरों को मिला सशक्त मंच

उत्कृष्ट उद्यमियों को पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र से सम्मानित

उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा आयोजित “लघु खादी एवं ग्रामोद्योगी प्रदर्शनी” का शनिवार को लखनऊ स्थित बोर्ड मुख्यालय परिसर में भव्य समापन हुआ। 20 से 28 फरवरी 2026 तक आयोजित इस प्रदर्शनी ने होली के अवसर पर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ कारीगरों और उद्यमियों को सशक्त विपणन मंच प्रदान किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान के निर्देशन में आयोजित इस प्रदर्शनी में प्रदेश भर से आए उद्यमियों ने भाग लिया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रमुख सचिव कृषि रविन्द्र कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। प्रथम पुरस्कार ग्रामोदय संस्थान, सीतापुर (खादी उत्पाद), द्वितीय पुरस्कार श्रुति शुक्ला, लखनऊ तथा तृतीय पुरस्कार द्राक्षा फैशन, लखनऊ को प्रदान किया गया।

प्रदर्शनी में कुल 46 स्टॉल लगाए गए, जिनमें खादी वस्त्र, हर्बल गुलाल, शहद, आंवला उत्पाद, पापड़-बड़ी, नमकीन, चादर, गमछे, तौलिये, कुर्ता-पायजामा, रेशम व सिल्क साड़ियां तथा हस्तशिल्प उत्पादों की विशेष मांग रही। होली के मद्देनज़र बड़ी संख्या में लोगों ने खरीदारी की, जिससे इस वर्ष कुल बिक्री 54.23 लाख रुपये दर्ज की गई, जो पिछले वर्ष की 50.17 लाख रुपये की बिक्री से अधिक रही।

मुख्य अतिथि ने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों को बाजार उपलब्ध कराना और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देना है। योगी सरकार खादी एवं ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने, गुणवत्ता सुधार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के अंत में बोर्ड के वित्तीय सलाहकार मानवेन्द्र सिंह ने सभी उद्यमियों, आगंतुकों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। यह प्रदर्शनी खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोलती नजर आई।

Related Articles

Back to top button