लखनऊ

होली प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का प्रतीक : डॉ. नीरज बोरा

  1. अग्रवाल सभा के होलिकोत्सव में फागुन के गीतों और फूलों की होली ने बांधा समां
  2. मोतीनगर में रंग, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच मनाया गया होली मिलन

फागुन की मस्ती और रंगों की उमंग के साथ श्री अग्रवाल सभा द्वारा अग्रवाल शिक्षा संस्थान परिसर, मोतीनगर में भव्य होलिकोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकनृत्य, लोकसंगीत, फूलों की होली और फागुन के पारंपरिक होरियारे गीतों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लखनऊ के विधायक डॉ. नीरज बोरा उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि डॉ. नीरज बोरा ने अपने संबोधन में कहा कि होली का पर्व प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह त्योहार समाज में समरसता, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाते हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा महाराजा अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण और पूजन के साथ हुआ। इसके बाद समिति के सदस्यों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर और गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में वायु पंख संगीत एकेडमी के कलाकारों ने आकर्षक लोकनृत्य प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। वहीं शालू श्रीवास्तव ग्रुप ने फागुन के लोकप्रिय लोकगीतों और भक्तिमय झांकियों की मनमोहक प्रस्तुति दी। “आज बिरज में होरी रे रसिया…”, “होरी खेले रघुवीरा अवध में…”, “फागुन में होरी खेलन को मैं हूं न तैयार…” और “तेरे कुल में लग रयो दाग़ मैं तुम संग होरी नाये खेलूँ…” जैसे गीतों ने समारोह में विशेष रंग भर दिए।

इस अवसर पर डॉ. नीरज बोरा ने भी फागुन पर आधारित हरियारे गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। उनकी प्रस्तुति ने होली मिलन समारोह में चार चांद लगा दिए और उपस्थित लोग फाल्गुन की मस्ती में झूम उठे।

कार्यक्रम के दौरान समिति के सदस्यों और उपस्थित जनों ने राधा-कृष्ण की झांकी के साथ फूलों और रंगों की होली खेली। इसके बाद सभी ने ठंडाई, चाट और प्रीतिभोज का आनंद लिया।

इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ. जगदीश चन्द्र अग्रवाल, महामंत्री अनुपम मित्तल, कोषाध्यक्ष जितेन्द्र अग्रवाल, मुख्य संयोजक सुनील अग्रवाल (सोनू), संयोजक विष्णु अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, मनोज हवेलिया, राजेंद्र अग्रवाल, लोकराम अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, अमित अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, सचिन कंछल, सोनू डालीगंज, प्रतीक अग्रवाल, तरंग, शुभम सिंघल, दीपक चौक, बृजेन्द सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button