लखनऊ में अग्रवाल समाज का भव्य होली मिलन, फूलों की होली और संगीत से सजा उत्सव
‘धनक स्वदेशी बैंड’ की सुरीली धुनों पर झूमे समाज के सदस्य

(निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क | डी.एफ. हिंदी)

लखनऊ के महानगर स्थित गोल्डन सेलिब्रेशन लॉन में शुक्रवार को श्री अग्रवाल समाज, लखनऊ द्वारा भव्य होली मिलन एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के 400 से अधिक सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आपसी भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक विधि-विधान के साथ किया गया। विधायक नीरज बोरा, एमएलसी अशोक अग्रवाल, समाज के मुख्य संरक्षक सुरेश अग्रवाल, अध्यक्ष अवधेश अग्रवाल तथा उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक भारत भूषण गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने महाराजा अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर सामूहिक आरती की। इसके साथ ही समारोह की औपचारिक शुरुआत हुई।

होली मिलन समारोह का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध कलाकार शीलू श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रस्तुत ‘धनक स्वदेशी बैंड’ रहा। बैंड की मधुर और जोशीली धुनों ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को रंगीन और उल्लासपूर्ण बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी और उनके मनमोहक नृत्य ने माहौल को आध्यात्मिक और भक्तिमय बना दिया। उपस्थित लोगों ने इस प्रस्तुति की सराहना करते हुए तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

समारोह का समापन पारंपरिक अंदाज में फूलों की होली खेलकर किया गया, जिसमें समाज के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन ने न केवल उत्सव का आनंद दिया बल्कि समाज में आपसी सौहार्द और एकजुटता को भी मजबूत किया।

कार्यक्रम में समाज के कई प्रमुख पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनमें मुख्य रूप से मुख्य संरक्षक सुरेश अग्रवाल, अध्यक्ष अवधेश अग्रवाल, महामंत्री पवन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष महेश मित्तल, उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक भारत भूषण गुप्ता तथा सुनील अग्रवाल ‘सोनू’ सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।

इसके अलावा लखनऊ जनपद की विभिन्न अग्रवंशीय सभाओं से आए अतिथियों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर आयोजन की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वादिष्ट भोजन और विशेष व्यंजनों का आनंद लिया।




