स्पोर्ट्स

चांसलर कप में रोमांचक मुकाबले, लखनऊ विश्वविद्यालय और AKTU की दमदार जीतहेडलाइन

ज्यपाल की प्रेरणा से जन भवन में खेला जा रहा चांसलर कप, 8 विश्वविद्यालयों की टीमें मैदान में

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क | डी.एफ. हिंदी
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा और मार्गदर्शन में जन भवन प्रांगण में आयोजित “चांसलर कप” इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। दिन के मुकाबलों में लखनऊ विश्वविद्यालय और डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

पहले मुकाबले में लखनऊ विश्वविद्यालय और डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय (SMNRU) की टीम आमने-सामने थीं। 12 ओवर के इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए एसएमएनआरयू की टीम ने 11.5 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 94 रन बनाए। टीम की ओर से मनोज शुक्ला ने 12 गेंदों पर 25 रन की तेज पारी खेली, जबकि अभय कुमार सिंह ने 23 और अजीत ने 18 रन बनाए।

लखनऊ विश्वविद्यालय की ओर से गेंदबाजी में प्रवीण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2.5 ओवर में 4 विकेट झटके। इसके अलावा जितेंद्र, शरद और शुभम को एक-एक विकेट मिला।

95 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ विश्वविद्यालय की टीम ने 9.3 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत के हीरो आशुतोष यादव रहे, जिन्होंने 23 गेंदों पर 60 रन की तूफानी पारी खेलकर मैच का रुख बदल दिया। इसके अलावा विनीत ने नाबाद 15 और शरद ने नाबाद 9 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। शानदार प्रदर्शन के लिए आशुतोष यादव को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

दूसरे मुकाबले में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) को 44 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए AKTU की टीम ने 12 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 137 रन बनाए। टीम के कुंदन ने 46 गेंदों पर 107 रन की नाबाद पारी खेलकर दर्शकों का दिल जीत लिया।

138 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केजीएमयू की टीम 12 ओवर में 7 विकेट पर 93 रन ही बना सकी। एकेटीयू की ओर से ए.वी. उल्लास ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 11 रन देकर 5 विकेट झटके। कुंदन को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

उल्लेखनीय है कि टूर्नामेंट का शुभारंभ 28 फरवरी को हुआ था और यह प्रतियोगिता 9 मार्च 2026 तक चलेगी। इसमें लखनऊ के आठ प्रमुख विश्वविद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं।

Related Articles

Back to top button