सरकार की नई पहल: अब हर गांव तक पहुंचेगी बस सेवा
परमिट और टैक्स से मुक्त रहेंगी ग्राम परिवहन योजना की बसें

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क, डीएफ हिंदी
उत्तर प्रदेश में ग्रामीण परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में ‘मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना-2026’ को मंजूरी दे दी गई है। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के दूरदराज गांवों तक बस सेवा पहुंचाकर ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना है।
कैबिनेट बैठक के बाद जानकारी देते हुए वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री Suresh Khanna ने बताया कि बैठक में कुल 31 प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 30 प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना-2026 को विशेष महत्व दिया गया है।
इस संबंध में परिवहन मंत्री Dayashankar Singh ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के करीब 12,200 गांवों तक बस सेवा नहीं पहुंच पा रही है। नई योजना के लागू होने के बाद उत्तर प्रदेश की 59,163 ग्राम सभाओं तक बस सेवा पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
योजना के तहत संचालित बसों को परमिट और टैक्स से छूट दी जाएगी। इन बसों के संचालन की जिम्मेदारी निजी ऑपरेटरों को दी जाएगी, जिनका चयन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति करेगी। इस समिति में मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस अधीक्षक, एआरटीओ और एआरएम जैसे अधिकारी शामिल होंगे।
परिवहन मंत्री ने बताया कि कई गांवों में सड़कों की स्थिति ऐसी है जहां बड़ी बसों का संचालन संभव नहीं है। ऐसे में इस योजना के तहत अधिकतम सात मीटर लंबाई और 28 सीट क्षमता वाली छोटी बसें चलाई जाएंगी। ये बसें सुबह गांवों से चलकर ब्लॉक और तहसील होते हुए सुबह 10 बजे तक जिला मुख्यालय पहुंचेंगी और शाम तक वापस गांव लौट जाएंगी।
सरकार का कहना है कि इससे छात्रों, कर्मचारियों, किसानों और छोटे व्यापारियों को शहर तक पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधा बढ़ने से आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।



