Uncategorized

उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर फैली भ्रामक खबर

एडमिट कार्ड दिखाकर बसों में फ्री यात्रा का दावा निकला झूठा


परिवहन निगम ने जारी किया खंडन, अभ्यर्थियों को सतर्क रहने की सलाह

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क | डी.एफ. हिंदी

उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही एक भ्रामक सूचना ने हजारों अभ्यर्थियों को असमंजस में डाल दिया है। दावा किया जा रहा था कि 14 और 15 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की लिखित परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को Uttar Pradesh State Road Transport Corporation की बसों में एडमिट कार्ड दिखाकर निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।

हालांकि परिवहन निगम ने इस खबर को पूरी तरह से असत्य और भ्रामक बताते हुए इसका सख्त खंडन किया है। निगम मुख्यालय के प्रधान प्रबंधक (संचालन) अनिल कुमार ने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड के आधार पर मुफ्त बस यात्रा देने से संबंधित कोई भी आदेश निगम मुख्यालय से जारी नहीं किया गया है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही इस तरह की अफवाहों से अभ्यर्थियों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है, जिससे परीक्षा के दौरान बस अड्डों और मार्गों पर विवाद या अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने की आशंका बढ़ जाती है।

इसी को देखते हुए निगम ने सभी क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि बस अड्डों पर हेल्प डेस्क के माध्यम से इस भ्रामक सूचना का व्यापक रूप से खंडन किया जाए। इसके अलावा बस चालकों और परिचालकों को भी वास्तविक स्थिति से अवगत कराने को कहा गया है, ताकि मार्ग में किसी तरह की गलतफहमी या विवाद की स्थिति पैदा न हो।

निगम अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से भी अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अपुष्ट खबरों से सावधान रहें।

गौरतलब है कि भर्ती परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थी विभिन्न जिलों से परीक्षा केंद्रों तक यात्रा करते हैं। ऐसे में मुफ्त यात्रा जैसी खबरें तेजी से वायरल हो जाती हैं और यदि समय पर स्पष्टता न दी जाए तो अव्यवस्था की स्थिति भी पैदा हो सकती है।

Related Articles

Back to top button