सत्र में ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी का रोडमैप
लखनऊ बनेगा देश का पहला AI सिटी, कानपुर ड्रोन हब

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क (डीएफ हिंदी)।
उत्तर प्रदेश को ‘विकसित राज्य’ बनाने की दिशा में उद्योग और सरकार के बीच समन्वय को नई गति देने के उद्देश्य से Confederation of Indian Industry (CII) उत्तर प्रदेश द्वारा 17 मार्च 2026 को राजधानी लखनऊ में स्टेट एनुअल सेशन 2025–26 एवं “बिल्डिंग विकसित उत्तर प्रदेश” कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस अहम मंच पर नीति-निर्माताओं, वरिष्ठ अधिकारियों और उद्योग जगत के दिग्गजों ने राज्य के विकास के रोडमैप पर गहन चर्चा की।
ऊर्जा सत्र में आईएएस अधिकारी नरेंद्र भूषण ने बताया कि प्रदेश ने ग्रीन एनर्जी लक्ष्य का लगभग 50% हासिल कर लिया है और तेजी से स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ रहा है। वहीं आशीष कुमार गोयल ने दावा किया कि प्रदेश में बिजली की स्थिति स्थिर है और वितरण व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।
औद्योगिक विकास सत्र में आलोक कुमार ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि लखनऊ को देश का पहला AI सिटी और कानपुर को ड्रोन सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही एक्सप्रेसवे, हाईवे और मल्टी-प्रोडक्ट इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर दिया जा रहा है।
वहीं मनोज कुमार सिंह ने 2047 तक विकसित यूपी के विजन को साकार करने के लिए एडवांस मैन्युफैक्चरिंग, ग्रीन एनर्जी और डिजिटल सेक्टर पर फोकस बढ़ाने की बात कही। स्वास्थ्य क्षेत्र में अमित कुमार घोष ने आयुष्मान भारत योजना के विस्तार और प्राइवेट सेक्टर की भागीदारी को अहम बताया।
श्रम सुधारों पर एम के शनमुग सुन्दरम ने नए लेबर कोड्स के प्रभावी क्रियान्वयन की बात कही, जबकि दीपक कुमार ने यूपी को निवेश के लिए सबसे आकर्षक गंतव्य बताया।
CII यूपी की चेयरपर्सन उपासना अरोड़ा ने राज्य को ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी बनाने के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम के दौरान अभिषेक सर्राफ को नया स्टेट चेयरमैन और प्रणय एस गर्ग को वाइस चेयरमैन नियुक्त किया गया।
यह सत्र उत्तर प्रदेश के औद्योगिक भविष्य को नई दिशा देने वाला अहम मंच साबित हुआ।



