
संस्कृति से जुड़ने का आह्वान
निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क | डीएफ हिंदी
मेरठ में चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, दिल्ली रोड स्थित परिसर में अखिल भारतीय साहित्यालोक द्वारा नव संवत्सर 2083 की पूर्व संध्या पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा ने सहभागिता कर जनसमूह को संबोधित किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नव संवत्सर केवल नया वर्ष नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति के नवजागरण का पर्व है। भारत की पहचान उसकी सनातन परंपरा और हिंदुत्व की चेतना से जुड़ी है। उन्होंने भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और छत्रपति शिवाजी महाराज के उदाहरण देते हुए कहा कि इन्हीं आदर्शों ने भारत को दिशा और शक्ति दी है।
उन्होंने कहा कि जब समाज अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ता है, तो राष्ट्र स्वतः मजबूत हो जाता है और विश्व में सम्मान प्राप्त करता है। भारत की शक्ति उसकी संस्कृति, संस्कार और सनातन चेतना में निहित है, और इसी आधार पर भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ मीनाक्षी भराला ने भी हिंदू संस्कृति के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने “वसुधैव कुटुंबकम्” के सिद्धांत को विश्व बंधुत्व की जड़ बताते हुए कहा कि हिंदू संस्कृति ही विश्व में शांति स्थापित करने का मार्ग दिखाती है।
संस्था के संरक्षक डॉ एस.के. अग्रवाल ने “सर्वे भवन्तु सुखिनः” का संदेश दिया, जबकि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ सुबोध गर्ग ने हिंदी भाषा के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
समारोह में बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए और अखिल भारतीय साहित्यालोक की केंद्रीय शाखा की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें उमेश कुमार अध्यक्ष, विनय नोक महामंत्री और राकेश कुमार गुप्ता कोषाध्यक्ष बनाए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सुशील कुमार कंसल ने की तथा संचालन यशपाल जांगिड़ ने किया। आयोजन में अनेक गणमान्य लोगों की सहभागिता रही और कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



