मेरठ में व्यापारियों पर हमले से सियासत गरम—प्रशासन पर उठे सवाल
“उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं”—विनीत अग्रवाल शारदा का सख्त रुख, कार्रवाई पर बढ़ा दबाव

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क
मेरठ में व्यापारियों के साथ लगातार हो रही घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालिया मामलों में मारपीट, दुर्व्यवहार और आगजनी जैसी घटनाओं के बाद व्यापारियों में डर और असुरक्षा का माहौल गहराता नजर आ रहा है। इसी बीच भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने धार्मिक यात्रा से लौटते ही सीधे पीड़ितों के बीच पहुंचकर प्रशासन की कार्यशैली पर अप्रत्यक्ष सवाल खड़े कर दिए।
सबसे पहले वे हापुड़ अड्डा क्षेत्र में व्यापारी नेता पवन कुमार गर्ग के यहां पहुंचे, जहां उनके पुत्र के साथ कथित मारपीट की घटना हुई थी। इसके बाद भगत सिंह मार्केट में व्यापारी परिवार के साथ दुर्व्यवहार और सूर्य प्लाजा में दुकानों में आगजनी की घटनाओं ने स्थिति को और गंभीर बना दिया।
इन घटनाओं पर शारदा का आक्रोश साफ दिखा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से सीधे बातचीत कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका यह रुख कहीं न कहीं प्रशासनिक सुस्ती और कार्रवाई में देरी की ओर इशारा करता है।
व्यापारियों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं हो पा रही है, जिससे व्यापारिक माहौल प्रभावित हो रहा है। स्थानीय स्तर पर पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
शारदा ने दो टूक कहा कि मेरठ उनका गृह जनपद है और यहां व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनका यह बयान राजनीतिक संदेश के साथ-साथ प्रशासन के लिए चेतावनी भी माना जा रहा है।
हालांकि पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा दिया है, लेकिन सवाल यह है कि क्या जमीनी स्तर पर स्थिति सुधरेगी या केवल आश्वासन ही मिलते रहेंगे।



