फ्यूचर आइकॉन्स कप में टॉस स्पोर्ट्स एरीना का दबदबा, लगातार दो जीत से मचाया तहलका
राहुल बिंद की घातक गेंदबाज़ी और आदर्श यादव के शतक से विरोधी टीमें धराशायी

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क
फ्यूचर आइकॉन्स 50 ओवर कप – सीज़न 1 में टॉस स्पोर्ट्स एरीना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दो मुकाबले जीतकर अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है। 31 मार्च और 2 अप्रैल को खेले गए मुकाबलों में टीम ने बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी दोनों विभागों में दमदार खेल दिखाया।
31 मार्च को एनजेएस तेलीबाग के खिलाफ खेले गए मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए तेलीबाग की टीम 38.5 ओवर में 238 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से अभय यादव (97 रन) और विस्वेंद्र प्रताप (67 रन) ने संघर्षपूर्ण पारियां खेलीं। जवाब में टॉस स्पोर्ट्स एरीना ने आक्रामक बल्लेबाज़ी करते हुए महज़ 29.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। आदर्श यादव (48 रन), शिवम यादव (55 रन) और अभिनव (43 रन) ने जीत में अहम भूमिका निभाई। इस मैच में राहुल बिंद ने 4 विकेट लेकर गेंदबाज़ी में चमक बिखेरी।
वहीं 2 अप्रैल को अशरफी XI के खिलाफ मुकाबले में टॉस स्पोर्ट्स एरीना ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 50 ओवर में 331 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। आदर्श यादव ने 120 रन और मृत्युंजय पांडेय ने 102 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अशरफी XI की टीम टॉस स्पोर्ट्स एरीना की घातक गेंदबाज़ी के आगे टिक नहीं सकी और 22.3 ओवर में महज़ 89 रन पर सिमट गई। राहुल बिंद ने 6 विकेट लेकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया, जबकि उमेश ने भी 2 विकेट झटके।
दोनों मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन के लिए राहुल बिंद को मैन ऑफ द मैच चुना गया। टॉस स्पोर्ट्स एरीना की यह लगातार जीतें टीम के संतुलन और बेहतरीन रणनीति को दर्शाती हैं।



