पीएनबी-जीईएम गठजोड़: अब विक्रेताओं को मिलेगा बिना गारंटी त्वरित ऋण
कारोबार को नई रफ्तार डिजिटल इंडिया को बढ़ावा:

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क
Punjab National Bank ने विक्रेताओं की वित्तीय पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से Government e-Marketplace (GeM) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत पीएनबी अब GeM सहाय पोर्टल पर आधिकारिक ऋणदाता के रूप में शामिल हो गया है, जिससे विक्रेताओं को सीधे प्लेटफॉर्म के माध्यम से वित्तीय सहायता प्राप्त होगी।
इस साझेदारी के जरिए विक्रेताओं को GeM क्रय आदेश के आधार पर बिना गारंटी के अल्पकालिक ऋण की सुविधा मिलेगी। इससे न केवल उनकी चलनिधि (वर्किंग कैपिटल) में सुधार होगा, बल्कि नकदी प्रवाह से जुड़ी समस्याएं भी कम होंगी। विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) और छोटे कारोबारों को इसका बड़ा लाभ मिलेगा, जो अक्सर समय पर औपचारिक ऋण पाने में कठिनाइयों का सामना करते हैं।
समझौते पर GeM सहाय के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजीत बी. चव्हाण और पीएनबी के डिजिटल बैंकिंग ट्रांसफॉर्मेशन प्रभाग के महाप्रबंधक अतिश कुमार राउत ने हस्ताक्षर किए।
पीएनबी के महाप्रबंधक अतिश कुमार राउत ने कहा कि यह पहल डिजिटल इंडिया विजन को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी। डिजिटल और कागजरहित ऋण प्रक्रिया से पारदर्शिता, दक्षता और कारोबार करने में सुगमता को मजबूती मिलेगी।
यह कदम खरीद प्रक्रिया को वित्तपोषण से जोड़ते हुए एक समावेशी और तकनीक-आधारित व्यापारिक पारितंत्र के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।



