किसान, महिलाएं और युवा मिलें तो बदलती है गांव की तस्वीर” – उरई में सहकारिता संगोष्ठी
सहकार से समृद्धि का मंत्र, उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का सम्मान

निश्चय टाइम्स | न्यूज डेस्क
उरई स्थित विकास भवन सभागार में मिनौरा सहकारी संघ द्वारा “सहकार से समृद्धि” विषयक भव्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण विकास, किसानों की आर्थिक उन्नति, महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक विकास का साधन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने की एक मजबूत कड़ी है। उन्होंने कहा, “जब किसान, महिलाएं और युवा एक साथ मिलकर कार्य करते हैं, तब गांवों की तस्वीर बदलती है।” उन्होंने सरकार द्वारा सहकारी संस्थाओं को मजबूत करने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष ब्रज भूषण सिंह ने की। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण परिवारों के लिए संबल का कार्य करती हैं और जरूरत है कि सहकारिता को व्यवहार में उतारा जाए, जिससे वास्तविक समृद्धि संभव हो सके।
मुख्य वक्ता डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने सहकारिता को भारतीय ग्रामीण व्यवस्था की आत्मा बताते हुए कहा कि पारदर्शिता और ईमानदारी से कार्य करने पर सहकारी संस्थाएं बेरोजगारी और पलायन जैसी समस्याओं का समाधान कर सकती हैं। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की भूमिका को भी अहम बताया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह ने कहा कि प्रशासन सहकारी समितियों और ग्रामीण योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सहकारिता मॉडल को गांवों की आर्थिक मजबूती का आधार बताया।
कार्यक्रम के दौरान भूमि विकास बैंक जालौन के नव निर्वाचित अध्यक्ष राहुल शाक्य, कोंच के अध्यक्ष अमित उपाध्याय और सचिव भारत सिंह को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
अंत में मिनौरा सहकारी संघ के अध्यक्ष श्यामकरण प्रजापति ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।



