स्पोर्ट्स

“चेक पैरा बैडमिंटन में लखनऊ की संजना का जलवा: स्वर्ण और कांस्य जीतकर बढ़ाया देश का मान”

“शकुन्तला विवि की बेटी बनी स्टार: अंतरराष्ट्रीय मंच पर दो पदक जीतकर रचा नया इतिहास”

(निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क)

लखनऊ स्थित डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय की छात्रा संजना कुमारी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने Czech Para Badminton International 2026 में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता चेक गणराज्य में 14 से 19 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित हुई, जिसमें दुनिया भर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। बीबीए की छात्रा संजना ने एसएल-03 वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए कड़े मुकाबलों के बीच शानदार खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने एकल स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया, जबकि मिश्रित युगल स्पर्धा में अपने बेहतरीन तालमेल और रणनीति के दम पर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

प्रतियोगिता से लौटने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में संजना का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर कुलपति आचार्य संजय सिंह, क्रीड़ा एवं योग प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. पी. राजीवनयन सहित कई शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उन्हें बधाई दी।

कुलपति ने अपने संदेश में कहा, “संजना की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय और देश दोनों के लिए गर्व का विषय है। उनकी मेहनत, समर्पण और अनुशासन अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हमारा संस्थान ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग देता रहेगा।”

संजना की इस सफलता ने न केवल विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है, बल्कि यह भी साबित किया है कि यदि अवसर और समर्थन मिले तो हमारे युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का झंडा बुलंद कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button