लखनऊ

इंसानियत की मिसाल—घर, रोजगार और मुस्कान लौटाने में जुटी टीम लखनऊ

राख से उठी उम्मीद: टीम लखनऊ ने 50 अग्नि पीड़ित परिवारों को फिर से बसाया

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क)

लखनऊ के विकासनगर क्षेत्र में 15 अप्रैल को लगी भीषण आग ने सैकड़ों परिवारों की जिंदगी उजाड़ दी थी। करीब 450 झोपड़ियां जलकर राख हो गईं और लोग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए। इस त्रासदी ने न केवल घर छीने, बल्कि लोगों के सपनों और जीवनभर की मेहनत को भी राख में बदल दिया।

लेकिन इस निराशा के बीच सामाजिक संस्था Team Lucknow ने आगे बढ़कर मानवता की मिसाल पेश की। टीम ने मस्जिद अज़हर कमेटी के साथ मिलकर तुरंत प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया, पीड़ितों से मुलाकात की और विस्तृत सर्वे कर सबसे अधिक जरूरतमंद 50 परिवारों की पहचान की।

इन परिवारों को सबसे पहले अस्थायी आश्रय के लिए टट्टर, तिरपाल, बांस और प्लास्टिक उपलब्ध कराया गया, जिससे वे फिर से अपने सिर पर छत खड़ी कर सकें। इसके बाद उनके दैनिक जीवन को पटरी पर लाने के लिए आवश्यक घरेलू सामान वितरित किया गया। यह वितरण कार्यक्रम इंदिरा नगर स्थित कार्यालय में आयोजित हुआ, जहां समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में Murtuza Ali (अध्यक्ष, टीम लखनऊ) ने पीड़ितों को संबोधित करते हुए कहा कि “आपके घर जरूर जले हैं, लेकिन आपका हौसला नहीं जला। अब आप अपने काम पर लौटें, टीम लखनऊ हर कदम पर आपके साथ है।”

सिर्फ राहत सामग्री ही नहीं, बल्कि जिन लोगों की आजीविका आग में नष्ट हो गई थी, उन्हें दोबारा खड़ा करने की भी पहल की गई। जिनकी साइकिलें जल गई थीं उन्हें नई साइकिलें दी गईं, सिलाई मशीन खोने वालों को नई मशीनें और ठेला लगाने वालों को नए ठेले उपलब्ध कराए गए। यह प्रयास पीड़ितों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हुआ।

इस सेवा कार्य में कई सामाजिक कार्यकर्ता और संस्थाएं भी शामिल रहीं। कार्यक्रम में मौजूद Khalid Rasheed Firangi Mahali ने कहा कि इंसानियत की सेवा सबसे बड़ा धर्म है और टीम लखनऊ का यह कार्य समाज के लिए प्रेरणा है। वहीं विधायक Arman Khan ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपना वादा निभाकर समाज में एक मिसाल कायम की है।

कार्यक्रम के अंत में सभी 50 परिवारों को सम्मानपूर्वक विदा किया गया। यह केवल राहत वितरण नहीं, बल्कि टूटे हुए हौसलों को फिर से खड़ा करने और नई उम्मीद जगाने का प्रयास था।

Related Articles

Back to top button