
निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
बिहार के औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देते हुए जीतन राम मांझी और सम्राट चौधरी ने पटना के बिहटा स्थित सिकंदरपुर में अत्याधुनिक MSME प्रौद्योगिकी केंद्र का उद्घाटन किया। इसके साथ ही मुजफ्फरपुर, रोहतास, दरभंगा और मुंगेर में चार एक्सटेंशन सेंटर भी शुरू किए गए, जिससे राज्य में कौशल विकास और उद्यमिता को बड़ा प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
करीब 171 करोड़ रुपये की लागत से बने इस केंद्र को आधुनिक मशीनिंग, एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, CNC, CAD/CAM, 3D प्रिंटिंग और इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन जैसी अत्याधुनिक तकनीकों से लैस किया गया है। यह केंद्र आने वाले वर्षों में एक लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण देगा, जिससे उन्हें उद्योग के अनुरूप कौशल मिल सकेगा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
कार्यक्रम के दौरान सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय की प्रमुख योजनाओं—PM Vishwakarma, PMEGP और राष्ट्रीय SC/ST हब—के लाभार्थियों को टूलकिट, चेक और प्रमाणपत्र वितरित किए गए। प्रदर्शनी में उद्यमियों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया, जहां केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने उनसे सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और संभावनाओं को समझा।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि MSME सेक्टर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और बिहार में ऐसे केंद्रों की स्थापना राज्य के विकास को नई ऊंचाई देगी। वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि ये पहल युवाओं को उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाएगी।
इन चारों एक्सटेंशन सेंटरों के माध्यम से हर साल 5,500 से अधिक प्रशिक्षुओं को ट्रेनिंग दी जाएगी और करीब 1,500 MSME इकाइयों को तकनीकी सहायता मिलेगी। इससे राज्य में रोजगार, उत्पादन और प्रतिस्पर्धात्मकता में बड़ा उछाल आने की उम्मीद है।



