उत्तर प्रदेश

राज्यपाल की पहल से छात्रों को मिला अग्निवीर व करियर मार्गदर्शन,

सेना से लेकर UPSC तक—विद्यार्थियों को मिला करियर का रोडमैप, उत्कृष्ट सवालों पर सम्मान

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

लखनऊ स्थित जन भवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से आदर्श माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए विशेष अग्निवीर एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य छात्रों को सेना में भर्ती, अग्निवीर योजना और भविष्य की दिशा तय करने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में विशेष कार्याधिकारी डॉ. सुधीर महादेव बोबडे, कर्नल अजय पटियाल और श्री पुनीत द्विवेदी ने विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद किया। छात्रों ने अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया, एनसीसी, यूपीएससी, आईपीएस और उच्च सैन्य पदों तक पहुंचने जैसे विषयों पर खुलकर सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से जवाब दिया।

डॉ. बोबडे ने विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास और आत्ममंथन सफलता की कुंजी है। वहीं कर्नल अजय पटियाल ने सेना के अनुशासन, जिम्मेदारी और चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का सबसे खास पहलू रहा—विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी। उत्कृष्ट और सारगर्भित प्रश्न पूछने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साह और बढ़ा।

Related Articles

Back to top button