उत्तर प्रदेश

पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान पर जोर, रेल प्रशासन से सहयोग की मांग

पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन का वार्षिक अधिवेशन सम्पन्न, वरिष्ठ पेंशनर्स हुए सम्मानित

    निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

    लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन, लखनऊ मंडल एवं ऑल इंडिया पेंशनर्स संगठन के तत्वावधान में पूर्वोत्तर रेलवे मनोरंजन केंद्र, ऐशबाग में वार्षिक अधिवेशन एवं वरिष्ठ पेंशनर्स सम्मान समारोह का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रेलवे पेंशनर्स, पदाधिकारी एवं रेल प्रशासन से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधीक्षक रमेश चंद्र तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक संजय तिवारी ने पेंशनर्स एसोसिएशन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और भविष्य में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी रेलवे परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनके स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।

    मंडल अध्यक्ष गोपाल तिवारी ने संगठन की उपलब्धियों और पेंशनर्स के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि एसोसिएशन लगातार पेंशनर्स की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए प्रयासरत है।

    मंडल मंत्री सुनील श्रीवास्तव ने वार्षिक अधिवेशन में आए सभी अधिकारियों एवं साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से अनुरोध किया कि भविष्य में रेलवे प्रशासन द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविरों और चिकित्सा संबंधी कार्यक्रमों में पेंशनर्स एसोसिएशन को भी शामिल किया जाए, ताकि अधिक से अधिक सेवानिवृत्त कर्मचारी लाभान्वित हो सकें।

    कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पेंशनर्स को सम्मानित भी किया गया। सम्मान समारोह में उपस्थित लोगों ने वरिष्ठ सदस्यों के योगदान की सराहना की और उनके अनुभवों को संगठन की अमूल्य धरोहर बताया।

    कार्यक्रम के अंत में रतनेश मिश्रा एवं उनकी टीम द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई, जिसने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम का संचालन शिवनाथ श्रीवास्तव ने किया।

    इस अवसर पर मंडल कार्यकारी अध्यक्ष चंद्रभान मालवीय, कोषाध्यक्ष संदीप कुमार, अजय कुमार, धीरेंद्र सिंह, खादिम अली सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

    Related Articles

    Back to top button