नर्सिंग सेवा को मिला सम्मान, स्टेट तकमिलुत्तिब कॉलेज में अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस मनाया गया

“हमारी नर्सें–हमारा भविष्य” थीम के साथ नर्सिंग स्टाफ के समर्पण को किया गया सलाम
निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
State Takmil-ut-Tib College and Hospital के निस्वान व क़बालत (स्त्री एवं प्रसूति विज्ञान) विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस बड़े उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सिंग स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका, उनके समर्पण और मानवता के प्रति सेवा भावना को सम्मान देना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष प्रोफेसर मनीराम सिंह ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हर वर्ष 12 मई को आधुनिक नर्सिंग की जननी Florence Nightingale की जयंती के अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस मनाया जाता है। यह दिन उन नर्सों को समर्पित है जो दिन-रात मरीजों की सेवा में समर्पित रहती हैं और स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत रीढ़ बनकर कार्य करती हैं।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम “हमारी नर्सें– हमारा भविष्य। सक्षम नर्सें जीवन बचाती हैं” नर्सिंग पेशे की महत्ता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि नर्सें केवल चिकित्सा सहयोगी नहीं, बल्कि मरीजों के लिए विश्वास, संवेदना और साहस का प्रतीक होती हैं।
कार्यक्रम में विभाग के शोधार्थियों डॉ. आयशा, डॉ. गज़ाला, डॉ. फरहीन और डॉ. फातिमा ने भी नर्सिंग सेवा के महत्व पर अपने विचार साझा किए। सभी वक्ताओं ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी नर्सें धैर्य और समर्पण के साथ मरीजों की सेवा करती हैं, जो समाज के लिए प्रेरणा है।
इस अवसर पर अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ ने भी अपने अनुभव साझा किए और स्वास्थ्य सेवाओं में टीमवर्क की अहमियत बताई। कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग इंचार्ज श्रीमती सबा खान का जन्मदिन भी मनाया गया। सभी उपस्थित लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा केक काटकर खुशी व्यक्त की।
कार्यक्रम में कु. आजरा, निहारिका, श्रीमती पूजा, आशियाना, शुभी शबनम, आरती, कांधा, अमृता सहित नर्सिंग स्टाफ तथा डॉ. जीनत और डॉ. समन खान सहित जूनियर डॉक्टर उपस्थित रहे। अंत में प्रोफेसर मनीराम सिंह ने सभी प्रतिभागियों और नर्सिंग स्टाफ का धन्यवाद ज्ञापित किया।



