बिज़नेस

RBI का बड़ा एक्शन! इटावा के नगर सहकारी बैंक पर लगा कड़ा प्रतिबंध

जमाकर्ताओं में मचा हड़कंप, अब खाते से सिर्फ 10 हजार रुपये निकालने की अनुमति

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

Reserve Bank of India ने Nagar Sahakari Bank Ltd. पर बड़ा शिकंजा कसते हुए बैंक की वित्तीय गतिविधियों पर कड़े प्रतिबंध लगा दिए हैं। आरबीआई के आदेश के अनुसार 18 मई 2026 से बैंक बिना पूर्व अनुमति कोई नया लोन नहीं दे सकेगा, न ही नई जमा स्वीकार करेगा और न ही निवेश कर पाएगा।

आरबीआई द्वारा जारी निर्देशों के बाद जमाकर्ताओं में भारी चिंता का माहौल है। बैंक के ग्राहकों को अब अपने खातों से अधिकतम सिर्फ 10 हजार रुपये निकालने की अनुमति दी गई है। हालांकि बैंक कर्मचारियों के वेतन, बिजली बिल और जरूरी खर्चों की अनुमति सीमित रूप में दी गई है।

आरबीआई ने साफ कहा है कि बैंक में हालिया वित्तीय और प्रशासनिक गड़बड़ियों के चलते यह कार्रवाई करनी पड़ी। केंद्रीय बैंक के अनुसार बीते समय में बैंक प्रबंधन और बोर्ड को कई बार सुधार के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जमाकर्ताओं के हितों की सुरक्षा को देखते हुए आखिरकार सख्त कार्रवाई करनी पड़ी।

इस फैसले के बाद इटावा समेत आसपास के क्षेत्रों में बैंक ग्राहकों के बीच बेचैनी बढ़ गई है। कई खाताधारक अपनी जमा पूंजी को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि पात्र जमाकर्ताओं को DICGC के तहत पांच लाख रुपये तक का बीमा दावा मिल सकेगा।

आरबीआई ने यह भी स्पष्ट किया कि बैंक का लाइसेंस फिलहाल रद्द नहीं किया गया है और बैंक सीमित प्रतिबंधों के साथ काम करता रहेगा। अगले छह महीने तक बैंक की स्थिति पर निगरानी रखी जाएगी और परिस्थितियों के अनुसार आगे फैसला लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button