लखनऊ छावनी में जनगणना 2027 का शुभारंभ, अधिकारियों ने तैयारियों की सराहना की
98 प्रगणक और 17 सुपरवाइजर जनगणना कार्य में जुटे, स्वगणना अभियान को मिली प्रशंसा

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
Census 2027 के तहत 22 मई 2026 को Lucknow Cantonment Board कार्यालय परिसर में जनगणना कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी लखनऊ Vishakh G, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश कुमार सिंह, मुख्य अधिशासी अधिकारी एवं चार्ज अधिकारी अभिषेक राठौर, सहायक निदेशक जनगणना निदेशालय उपासना गिरि तथा जिला प्रभारी जनगणना रमेश कुमार पाण्डेय मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने छावनी परिषद क्षेत्र में चलाए जा रहे स्वगणना अभियान और जनगणना की तैयारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीमित समय में जिस व्यवस्थित तरीके से तैयारियां की गई हैं, वह जनगणना कार्य को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से उन 8 प्रगणकों की प्रशंसा की जिन्होंने अपने हाउस लिस्टिंग ब्लॉक में शत-प्रतिशत स्वगणना पूरी की। इसके अलावा करीब 37 ब्लॉकों में 35 से 45 प्रतिशत तक स्वगणना का कार्य पूरा होने को भी सराहनीय बताया गया। अधिकारियों के अनुसार यह अभियान नागरिकों को डिजिटल और व्यवस्थित जनगणना प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों, सुपरवाइजरों और प्रगणकों को आगामी जनगणना कार्य के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और सरकारी नीतियों का महत्वपूर्ण आधार होती है, इसलिए इसे पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना चाहिए।
अंत में जिलाधिकारी ने 17 सुपरवाइजरों और 98 प्रगणकों को हरी झंडी दिखाकर जनगणना कार्य के लिए रवाना किया। प्रशासन को उम्मीद है कि जनगणना 2027 का यह अभियान क्षेत्र में सफलतापूर्वक संपन्न होगा और लोगों की सक्रिय भागीदारी मिलेगी।



