डिजिटल बैंकिंग को जन-जन तक पहुंचाएगा एसबीआई: एमडी अश्विनी कुमार तिवारी
ने कियाप्रशासनिक भवन का लोकार्पण

योनो 2.0 ऐप से घर बैठे मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं; योनो यूजर्स की संख्या 10 करोड़ से बढ़ाकर 20 करोड़ करने का लक्ष्य
निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
लखनऊ। देश का सबसे भरोसेमंद और ‘हर भारतीय का बैंक’ यानी भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) अपनी “ग्राहक प्रथम नीति” के तहत डिजिटल बैंकिंग क्रांति को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह तैयार है। एसबीआई के प्रबंध निदेशक अश्विनी कुमार तिवारी ने लखनऊ के गोमती नगर में प्रशासनिक कार्यालय, लखनऊ (पूर्व) के नवनिर्मित अत्याधुनिक भवन का भव्य लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने बैंक के भविष्य के रोडमैप और डिजिटल प्राथमिकताओं को साझा किया।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए प्रबंध निदेशक अश्विनी कुमार तिवारी ने कहा कि एसबीआई ग्राहकों को बेहतरीन उत्पाद और सेवाएं देने के लिए लगातार अपने डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत कर रहा है। इसी कड़ी में हाल ही में लॉन्च किया गया अत्याधुनिक ‘योनो 2.0’ (YONO 2.0) ऐप ग्राहकों के लिए गेम-चेंजर साबित हो रहा है, जिससे लोग घर बैठे पल भर में बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। वर्तमान में योनो के 10 करोड़ उपयोगकर्ता हैं, जिसे आने वाले वर्षों में बढ़ाकर 20 करोड़ करने का बड़ा लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने साफ किया कि डिजिटल को बढ़ावा देने के साथ-साथ एसबीआई अपनी पारंपरिक शाखाओं के माध्यम से सुदूर ग्रामीण इलाकों में भी वित्तीय समृद्धि ला रहा है।
नवनिर्मित प्रशासनिक भवन को लेकर एमडी ने कहा कि यह भव्य कार्यालय एसबीआई की 200 वर्षों से अधिक की समृद्ध कार्यसंस्कृति, परंपरा, पारदर्शिता और उत्तम ग्राहक सेवा की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इसके अंतर्गत 5 क्षेत्रीय कार्यालय, कमर्शियल शाखा, आरएसीपीसी गोमती नगर समेत लखनऊ (पूर्व), बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा और बहराइच जिले की कुल 179 शाखाएं आएंगी। इस नए मॉड्यूल के जरिए बैंक ग्राहकों को शानदार उत्पाद देने के साथ-साथ उन्हें साइबर सुरक्षा और वित्तीय साक्षरता के प्रति भी जागरूक करेगा।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में लखनऊ मंडल के मुख्य महाप्रबंधक दीपेश राज, महाप्रबंधक नेटवर्क-I विमल किशोर, महाप्रबंधक नेटवर्क-II राजीव कुमार, महाप्रबंधक नेटवर्क-III कौशलेंद्र कुमार, उप महाप्रबंधक एवं सीसीओ संजय अम्बस्था और नए मॉड्यूल के उप महाप्रबंधक राघवेंद्र कुमार ने भी बैंक की प्रगति पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर सहायक महाप्रबंधक सुश्री सौम्या लाहिरी, आनंद कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी व स्टाफ मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संयोजन मुख्य प्रबंधक सुश्री मनीषा श्रीवास्तव ने किया।



