बिज़नेस

RBI ने लॉन्च किया कंप्यूटर सॉफ्टवेयर और ITES निर्यात सर्वे 2025-26

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कंप्यूटर सॉफ्टवेयर एवं सूचना प्रौद्योगिकी सक्षम सेवाओं (ITES) निर्यात पर अपना वार्षिक सर्वेक्षण शुरू कर दिया है। इस सर्वे का उद्देश्य देश से होने वाले कंप्यूटर सेवाओं, आईटीईएस तथा बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग (BPO) सेवाओं के निर्यात संबंधी आंकड़े एकत्र करना है।

RBI द्वारा एकत्रित किए गए आंकड़ों का उपयोग भारत के बाह्य क्षेत्र (External Sector) से संबंधित सांख्यिकीय आंकड़ों के संकलन में किया जाएगा। साथ ही सर्वेक्षण के समेकित परिणाम सार्वजनिक रूप से भी जारी किए जाएंगे।

RBI ने कहा है कि सभी सॉफ्टवेयर तथा ITES/BPO सेवाओं का निर्यात करने वाली कंपनियों के लिए इस सर्वे में भाग लेना आवश्यक है। वर्तमान सर्वेक्षण चक्र के लिए ITES सर्वे फॉर्मेट को अपडेट किया गया है। सर्वे शेड्यूल हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में RBI की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

इस बार सर्वे को केंद्रीयकृत सूचना प्रबंधन प्रणाली (CIMS) के माध्यम से वेब-आधारित बनाया गया है, जिससे डेटा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए स्वचालित जांच और सफल सबमिशन पर ई-मेल पुष्टि की सुविधा मिलेगी। साथ ही पुरानी एक्सेल आधारित रिपोर्टिंग प्रणाली भी फिलहाल समानांतर रूप से उपलब्ध रहेगी, जिसे अगले सर्वे चक्र से बंद कर दिया जाएगा।

रिपोर्टिंग संस्थाओं को surveysoftex@rbi.org.in तथा CIMS पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी जमा करनी होगी। कंपनियां स्वयं पंजीकरण कर ऑनलाइन फॉर्म भी भर सकती हैं।

RBI ने सर्वे प्रतिक्रिया जमा करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित की है। किसी भी प्रकार की जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए संस्थाएं RBI के विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर सकती हैं।

#RBI #ITESExportSurvey #SoftwareExports #BPOIndustry #IndiaEconomy #DSIM #CIMS #ExportData #ITSector #NishchayTimes

Related Articles

Back to top button