Uncategorized

राज्यसभा की 27 सीटों और विधान परिषद की 17 सीटों पर चुनावी बिगुल

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

नई दिल्ली। देश की राजनीति में एक बार फिर चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने राज्यसभा की 27 सीटों तथा बिहार और कर्नाटक समेत तीन राज्यों की विधान परिषद की 17 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इसके साथ ही 1 जून 2026 से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

निर्वाचन आयोग के अनुसार राज्यसभा की 24 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होंगे, जबकि महाराष्ट्र, तमिलनाडु और ओडिशा में एक-एक सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। वहीं बिहार विधान परिषद की 9 सीटों और कर्नाटक विधान परिषद की 7 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होंगे, जबकि बिहार में एक सीट पर उपचुनाव भी कराया जाएगा।

राज्यसभा चुनाव जिन राज्यों में होने हैं उनमें आंध्र प्रदेश, गुजरात, झारखंड, मध्य प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश, कर्नाटक और मिजोरम शामिल हैं। इन चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों ने अपने-अपने समीकरण साधने शुरू कर दिए हैं और उम्मीदवारों के चयन को लेकर मंथन तेज हो गया है।

चुनाव आयोग ने संबंधित राज्यों के लिए रिटर्निंग ऑफिसर और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त कर दिए हैं, जिनकी अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित कर दी गई है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून 2026 निर्धारित की गई है, जबकि 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 11 जून तक अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकेंगे।

यदि किसी सीट पर मुकाबला होता है तो मतदान 18 जून 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। इसके बाद उसी दिन शाम 5 बजे मतगणना होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राज्यसभा और विधान परिषद के ये चुनाव केवल सीटों की संख्या का मामला नहीं हैं, बल्कि आगामी राजनीतिक रणनीतियों और दलों की ताकत का भी बड़ा संकेत देंगे। कई राज्यों में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच संख्या बल को लेकर कड़ी राजनीतिक जंग देखने को मिल सकती है।

Related Articles

Back to top button