बदायूं में परिवहन विभाग का ‘डबल डोज़’: एक हाथ में पौधा, दूसरे में हंटर; नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर टूटा एआरटीओ का कहर
ओवरलोड और अनधिकृत वाहनों पर 'हरिओम' का चाबुक; लाखों का जुर्माना वसूल कर सीज कीं गाड़ियाँ, चालान काटते-काटते थकी उँगलियाँ

निश्चय टाइम्स न्यूज़ डेस्क
विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर बदायूं के परिवहन विभाग में एक बेहद अनोखा और हाई-वोल्टेज नजारा देखने को मिला। एक तरफ जहाँ एआरटीओ श्री हरिओम और यात्री मालकर अधिकारी श्री अभिनव कुमार चौधरी ने पर्यावरण को हरा-भरा करने के लिए परिसर में प्रेम से पौधरोपण किया, वहीं दूसरी तरफ सड़क पर उतरते ही यमराज के अवतार में आ गए! उत्तर प्रदेश शासन और जिलाधिकारी महोदय के कड़े निर्देशों का पालन करते हुए अधिकारियों ने अवैध और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ ऐसा महा-अभियान चलाया कि पूरे जिले के वाहन माफियाओं में हड़कंप मच गया।
सीज हुए वाहन, लाखों का जुर्माना वसूल! चेकिंग के दौरान एआरटीओ की पैनी नजर से कोई बच नहीं पाया। नियमों को ताक पर रखकर दौड़ रहे 7 भारी-भरकम ओवरलोड वाहनों का ऑन-द-स्पॉट चालान काटा गया और 4 गाड़ियों को तुरंत सीज (कब्जे में) कर दिया गया। इस कार्रवाई से विभाग ने 2.41 लाख रुपये का भारी-भरकम शमन शुल्क वसूल कर सरकारी खजाने को मजबूत किया। इतना ही नहीं, अवैध रूप से सवारियां ढो रही 11 अनधिकृत ईको, बसों और ईटिंग वाहनों पर भी हंटर चला, जिनमें से 10 वाहनों को सीधे थाने में बंद (सीज) कर दिया गया।
इंटरसेप्टर का चक्रव्यूह: हेलमेट और सीट बेल्ट चोरों की आई शाम सड़कों पर यमदूत बनकर घूमने वाले लापरवाह चालकों को पकड़ने के लिए परिवहन विभाग ने अपनी आधुनिक ‘इंटरसेप्टर गाड़ी’ का चक्रव्यूह रच दिया। फिर क्या था, बिना हेलमेट हवा से बातें करने वाले 35 मजनुओं, बिना सीट बेल्ट के टशन दिखाने वाले 21 रईसजादों, गाड़ी चलाते समय मोबाइल पर आशिकी करने वाले 10 ड्राइवरों और मौत को दावत देते हुए रॉन्ग साइड (गलत दिशा) में गाड़ी घुसाने वाले 11 चालकों का कुल मिलाकर 61 कड़क चालान फाड़ दिया गया। अंत में एआरटीओ साहब ने जनता को कड़ा और मीठा संदेश देते हुए कहा—”ज़रा तमीज से चलिए, सुरक्षित रहिए और नियम मानकर परिवहन विभाग का सहयोग कीजिए, वरना अगली बार गाड़ी सीधे सीज होगी!”




