यूपी में योग सप्ताह का धुआंधार आगाज; आयुष मंत्री बोले- ‘मुस्लिम देश भी अपना रहे योग, यह पूजा पद्धति नहीं, संपूर्ण स्वास्थ्य की विधा है’
75 जनपदों में मनेगा 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, आयुष कवच ऐप पर प्रतियोगिताएं शुरू; नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क:
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश में आज से ‘योग सप्ताह’ (15-21 जून) की धुआंधार शुरुआत हो गई है। प्रदेश के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने लखनऊ के टूड़िया गंज स्थित राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के सभागार में दीप प्रज्वलित कर इस विशेष सप्ताह का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने हर नागरिक से योग को अपनी दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाने की अपील की।
व्यायाम से केवल शरीर, लेकिन योग से मन भी रहता है स्वस्थ डॉ. दयाशंकर मिश्र ने कहा कि व्यायाम करने से केवल हमारा शरीर ठीक रहता है, लेकिन योग और प्राणायाम एक ऐसी विधा है जिससे शरीर, मन और मस्तिष्क तीनों पूरी तरह स्वस्थ और प्रसन्न रहते हैं। आज की व्यस्त जीवनशैली में तनावमुक्त रहने का यह सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “योग का संबंध किसी पूजा पद्धति से नहीं है, यही वजह है कि आज दुनिया के तमाम मुस्लिम देश भी इसे गले लगा रहे हैं।” उन्होंने सभी से रोजाना कम से कम 30 मिनट योगाभ्यास करने का आह्वान किया।

75 जिलों की हर ग्राम पंचायत में मनेगा योग दिवस कार्यक्रम में आयुष विभाग के प्रमुख सचिव श्री रंजन कुमार ने बताया कि इस वर्ष की थीम “YOGA FOR HEALTHY AGEING” (बढ़ती उम्र के लिए योग) रखी गई है, जो बुजुर्गों को आत्मनिर्भर और सक्रिय बनाए रखने में मददगार है। इस बार प्रदेश के सभी 75 जिलों की हर ग्राम पंचायत में योग दिवस मनाया जाएगा। विभाग का लक्ष्य इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में लोगों को जोड़कर एक नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित करना है। इसके लिए आयुष कवच ऐप और ऑफिशियल पोर्टल पर ऑनलाइन योग प्रतियोगिताओं की शुरुआत भी की गई है।
साइंटिफिक सेशन में कैंसर और क्रोध पर चर्चा कार्यक्रम के वैज्ञानिक सत्र में नई दिल्ली से आए डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि कैंसर के इलाज, कीमोथेरेपी और रेडियोथेरेपी के दुष्प्रभावों को कम करने में योग-आयुर्वेद बेहद कारगर साबित हुआ है। वहीं, लखनऊ विश्वविद्यालय के योग विभागाध्यक्ष डॉ. अमरजीत यादव ने योग के जरिए क्रोध पर विजय पाने के वैज्ञानिक तरीके साझा किए। इस अवसर पर महानिदेशक आयुष सुश्री चैत्रा वी सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक और योग विशेषज्ञ मौजूद रहे।



