अयोध्या

अयोध्या में हाईटेक हुए बच्चे: राज्यपाल आनंदीबेन ने किया स्मार्ट क्लास का उद्घाटन!

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

अयोध्या धाम के ‘मोहल्ला दोराही कुआँ’ में अब बच्चे स्मार्ट बोर्ड पर पढ़ाई करेंगे। यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बने दो चमचमाते आंगनबाड़ी केंद्रों और स्मार्ट क्लास रूम का फीता काटा। राज्यपाल ने न सिर्फ बच्चों की बाल वाटिका देखी, बल्कि उनके साथ बैठकर प्यारी सी प्रार्थना भी सुनी।

मिड-डे मील का औचक निरीक्षण: बच्चों को बंटे फल और मिठाइयाँ!

उद्घाटन के बाद राज्यपाल महोदया सीधे आंगनबाड़ी की रसोई में जा पहुँचीं। उन्होंने बच्चों के लिए बन रहे मिड-डे मील की क्वालिटी चेक की और साफ़-सफ़ाई का जायजा लिया। बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए उन्होंने खुद अपने हाथों से उन्हें ताज़े फल और स्वादिष्ट मिठाइयाँ बांटीं, जिसे पाकर नन्हे-मुन्नों के चेहरे खिल उठे।

8 साल की उम्र तक 80% दिमाग तैयार: बचपन से ही मिलेंगे ‘उत्तम संस्कार’

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने एक बड़ा वैज्ञानिक सच सामने रखा। उन्होंने बताया कि सर्वे के मुताबिक 8 साल की उम्र तक बच्चे 80 प्रतिशत सीखने की क्षमता विकसित कर लेते हैं। इसलिए इसी उम्र में उन्हें योग, पर्यावरण, संगीत और अनुशासित जीवनशैली की सीख दी जानी चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि देश का भविष्य इन नन्हे हाथों में है, और इसकी पहली नींव माँ और आंगनबाड़ी केंद्र ही हैं।

गर्भवती महिलाओं के लिए कड़े निर्देश: अस्पताल में ही होगा प्रसव!

राज्यपाल ने समाज को नसीहत देते हुए कहा कि एक स्वस्थ और संस्कारी समाज की शुरुआत माँ के गर्भकाल से ही हो जाती है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सख्त निर्देश दिए कि हर गर्भवती महिला का अस्पताल में रजिस्ट्रेशन होना चाहिए और डिलीवरी सिर्फ और सिर्फ अस्पताल में (संस्थागत प्रसव) ही कराई जाए। साथ ही, नवजात शिशुओं को 6 महीने तक सिर्फ माँ का दूध देने की अपील की।

घर-घर जाएगी कमिटी: 3 साल के बच्चों का होगा तुरंत एडमिशन!

अब 3 साल की उम्र पूरी कर चुके बच्चों का घर बैठना मुमकिन नहीं होगा। राज्यपाल ने हर वार्ड में 4-5 लोगों की एक स्पेशल कमिटी बनाने का आदेश दिया है। यह कमिटी घर-घर जाकर सर्वे करेगी और सुनिश्चित करेगी कि 3 साल से ऊपर के हर बच्चे का दाखिला आंगनबाड़ी केंद्र में हो और कोई भी बच्चा स्कूल से बंक न मारे।

Related Articles

Back to top button